जिले में 64 दिन बाद आया कोरोना का नया केस
शामली। जनपद में 64 दिन बाद कोरोना का नया केस आया है। गांव आदमपुर निवासी प्राइवेट शिक्षक एंटीजन और उसके बाद ट्रू नेट मशीन से जांच में कोरोना पॉजिटिव मिला है। शिक्षक को घर पर ही आइसोलेट किया गया है। स्वास्थ्य टीम ने कोरोना संक्रमित के परिजनों और आस पड़ोस में रहने वाले लोगों के सैंपल लेकर जांच की, जिसमें सभी की रिपोर्ट नेगेटिव मिली है। स्वास्थ्य विभाग ओमिक्रॉन की जांच के लिए सैंपल भेजेगा।
जिले में इस साल 30 सितंबर को आखिरी केस आया था। उसके बाद लगातार स्वास्थ्य टीमों द्वारा लोगों की जांच कराई जा रही है, लेकिन कोई नया केस सामने नहीं आया था। कोरोना के नए स्वरूप ओमिक्रॉन को लेकर सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। जिस पर जिले में फोकस और रैंडम सैंपलिंग अभियान चलाया जा रहा है।
दो दिसंबर को थानाभवन क्षेत्र के एक गांव में स्थित कालेज में शिक्षकों व छात्रों के सैंपल लेकर जांच की गई थी। एंटीजन जांच में 40 वर्षीय शिक्षक के सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। बाकी सभी की जांच रिपोर्ट नेगेटिव थी। उन्हें तीन दिन पहले से नजला, जुकाम के साथ पेट और सीने में दर्द की शिकायत थी। सीएचसी शामली पर ट्रू नेट मशीन से सैंपल की जांच में भी उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद उन्हें घर पर ही आइसोलेट किया गया है।
64 दिन बाद कोरोना का नया केस मिला है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव आदमपुर निवासी शिक्षक के परिजनों और आस पड़ोस में रहने वाले लोगों के सैंपल लेकर कोरोना की जांच की, जिसमें सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने लोगों से कहा है कि कोरोना से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंस का पालन करें और भीड़ में जाने से बचें।
जनपद में 2020 से अब तक कोरोना की स्थिति
कुल सैंपल - 879695
कुल पॉजिटिव - 12906
सक्रिय केस - 01
कोरोना से मौत - 45
व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष की डेंगू से मौत
चौसाना। कस्बे के व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष का डेंगू के चलते निधन हो गया। करनाल के अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। शनिवार शाम उन्होंने अंतिम सांस ली।
चौसाना व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अजेश मित्तल एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित थे। उन्हें करनाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां डेंगू की पुष्टि होने के बाद इलाज चल रहा था। लगातार स्वास्थ्य में गिरावट के चलते शनिवार को उनका निधन हो गया। उनके निधन से व्यापारियों में शोक की लहर दौड़ गई। शोक के चलते व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया। संवाद