शामली। कोरोना से बचाव के लिए टीका जल्द आने की संभावना के चलते सोमवार को जनपद में 14 बूथ पर टीकाकरण का दूसरा पूर्वाभ्यास हुआ। इस दौरान कई बूथों पर मोबाइल नेटवर्क की स्पीड धीमी रहने के कारण पोर्टल पर डाटा अपलोड करने की समस्या सामने आई। इससे पहले पांच जनवरी हो हुए पूर्वाभ्यास में भी नेटवर्क में ही समस्या आई थी।
शासन के निर्देश पर जनपद में बनाए गए 14 बूथों पर सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण का दूसरा पूर्वाभ्यास हुआ। इनमें दो बूथ जिला अस्पताल में बनाए गए। इसके अलावा दो-दो बूथ सीएचसी शामली, कैराना, कांधला, कुड़ाना, थानाभवन, ऊन सीएचसी में बनाए गए। प्रत्येक बूथ पर 15 हेल्थ केयर वर्करों को बुलाया गया था। सीएचसी शामली के बूथ नंबर एक पर दोपहर 12 बजे तक पांच हेल्थ वर्करों पर टीकाकरण का पूर्वाभ्यास किया गया था।
टीकाकरण कर रहीं एएनएम अंशु ने बताया कि मोबाइल नेटवर्क की स्पीड कम होने के कारण पोर्टल पर एक डाटा अपलोड होने में 10 से 15 मिनट का समय लग रहा है। बूथ नंबर दो पर साढ़े 11 बजे तक 12 हेल्थ वर्करों आ चुके थे। जिला अस्पताल में बूथ नंबर एक पर दोपहर 12.30 बजे तक नौ हेल्थ वर्कर पहुंच चुके थे। इस बूथ पर टीकाकरण कर रही एएनएम रीना ने बताया कि मोबाइल नेटवर्क की समस्या सामने आ रही है, जिस कारण डाटा अपलोड होने में करीब 15 मिनट का समय लग रहा है।
बूथ नंबर दो पर एएनएम पूजा ने बताया कि दोपहर 12.40 बजे तक सात हेल्थ वर्कर आए हैं। पिछली बार की तरह इस बार भी मोबाइल नेटवर्क की स्पीड कम रही है। इसी तरह जिले में अन्य कई बूथों पर भी डाटा अपलोड करने में मोबाइल नेटवर्क की समस्या सामने आई।
--
डीएम ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
शामली। डीएम जसजीत कौर ने सोमवार को जिला अस्पताल पहुंचकर कोरोना के टीकाकरण के दूसरे पूर्वाभ्यास के लिए बनाए गए दोनों बूथों पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक बूथ पर छह कर्मचारी लगाए गए थे। वेटिंग, वैक्सीनेशन एवं ऑब्जरवेशन रूम बनाए गए थे। कर्मचारियों से पूर्वाभ्यास में आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी ली। डीएम ने निरीक्षण के बाद पूर्वाभ्यास के लिए की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया और पहले चरण में होने वाले टीकाकरण की बेहतर तैयारी के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। इस दौरान सीएमओ डॉ. वीर बहादुर ढाका, नोडल अधिकारी सीएमएस डॉ. सफल कुमार, सह नोडल अधिकारी डीसीपीएम फहीम अहमद आदि मौजूद रहे।
--
कोट
कोरोना से बचाव के टीकाकरण का दूसरा पूर्वाभ्यास सभी 14 बूथों पर सफल रहा है। कुछ बूथों पर मोबाइल नेटवर्क धीमा होने की बात सामने आई। बूथों पर मैनुअल डाटा रखा जाएगा। नेटवर्क ठीक होने पर पोर्टल पर डाटा अपलोड किया जाएगा। दो बार हो चुके पूर्वाभ्यास के बाद अब स्वास्थ्य विभाग वास्तविक टीकाकरण के लिए पूरी तरह तैयार है। 16 जनवरी से पहले चरण का टीकाकरण शुरू होने की उम्मीद है।
- डॉ. वीर बहादुर ढाका, सीएमओ
शामली संयुक्त जिला चिकित्सालय में ड्राई रन पूर्वाभ्यास का निरीक्षण करतीं डीएम जसजीत कौर।- फोटो : SHAMLI