शिकायत निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: डीएम
शामली, ऊन। जिले में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में ऊन और शामली तहसील में 84 शिकायती पत्रों में आठ का मौके पर निस्तारण किया गया। ऊन तहसील में डीएम जसजीत कौर ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं।
ऊन तहसील सभागार में मंगलवार को डीएम जसजीत कौर की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। डीएम जसजीत कौर ने फरियादियों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए। फरियादियों की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर फरियादियों के 41 प्रार्थना पत्र निस्तारण हेतु प्राप्त हुए। जिनमें से मौके पर मात्र पांच शिकायतों का ही निस्तारण हो पाया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए डीएम ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए।
इस मौके पर एसपी सुकीर्ति माधव सीडीओ शंभूनाथ तिवारी, डीडीओ प्रमोद कुमार सिंह, एसडीएम मणि अरोड़ा, परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी, उप कृषि निदेशक शिव कुमार केसरी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान सहित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। बाद में डीएम जसजीत कौर ने तहसील एवं एसडीएम न्यायालय का निरीक्षण किया। उन्होंने लंबे समय से चल रहे केस के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए उनके निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदार न्यायिक कार्यालय, अभिलेख, लेखपाल कक्ष आदि का निरीक्षण करते हुए तहसीलदार को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
शामली कलक्ट्रेट सभाकक्ष में एडीएम अरविंद कुमार सिंह ने संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतों को सुनकर निस्तारण किया। उन्होंने राजस्व, विकास एवं पुलिस विभाग से जुडे़ सभी अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन, आईजीआरएस, आयुक्त, मुख्यमंत्री हेल्पलाईन तथा अन्य से भी प्राप्त शिकायतों का निस्तारण गुणवत्ता के साथ त्वरित व वास्तविक रूप में होना चाहिए। इस दौरान कुल 43 प्रकरण आये, जिसमें से तीन का निस्तारण मौके पर किया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर निस्तारण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम संदीप कुमार, सीओ प्रदीप सिंह, थानाभवन सीओ अमित सक्सेना, तहसीलदार अजय शर्मा, नायब तहसीलदार सचिन वर्मा व संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।