कैराना। थाना कैराना क्षेत्र के गांव मामौर में नमाजियों से शराब के नशे में एक युवक ने अभद्रता कर दी, जिस पर हंगामा हो गया। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण तनाव की स्थिति पैदा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। आरोपी युवक के भाई को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
मामला सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे का है। मामौर गांव में रोजाना ही कुछ लोग घर घर जाकर नमाज पढ़ने के लिए मसजिद में पहुंचने को कहते हैं। जब वह गलियों में घूम रहे थे, तो गुर्जर बिरादरी का एक युवक वहां पहुंचा। आरोप है कि युवक ने शराब पी रखी थी। उसने गाली गलौज कर दी। विरोध करने पर वह मारपीट पर उतारू हो गया।
शोर शराबा होने पर दोनों पक्षों के लोग इकट्ठा हो गए। जमकर हंगामा हुआ। इसी बीच सूचना पर कैराना कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया पुलिस बल साथ लेकर मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी युवक वहां से भाग चुका था। लोगों ने हंगामा कर आरोपी युवक को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस ने आरोपी युवक के भाई को हिरासत में ले लिया है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए देर रात तक पुलिस बल तैनात रहा।