थानाभवन । हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दंगल के लिए मेला गुघाल का आयोजन किया जाना है, लेकिन मेला गुघाल के आयोजन को लेकर नगर पंचायत के सदस्यों व ईओ के बीच विवाद की स्थिति बन गई है। है। मेले आयोजन को लेकर चेयरपर्सन व सभासद जिलाधिकारी से मिले। जिलाधिकारी ने मामले के लिए एडीएम को अधिकृत किया है।
इस बार मेला गुघाल के आयोजन को लेकर एक सितंबर को नगर पंचायत कार्यालय में होने वाली बैठक में विवाद की स्थिति बन गई थी। 17 में से 16 सभासदों ने एक मत होकर जहां नगर पंचायत द्वारा ही मेला गुघाल का आयोजन कराने की सहमति व्यक्त की। वहीं ईओ जितेंद्र राणा ने ठेका प्रणाली द्वारा मेला गुघाल का आयोजन करने की बात कहीं। जिस पर कोई सहमति नहीं बन पाई। ईओ की कार्यप्रणाली से क्षुब्ध होकर अध्यक्षा राव मुशयदा और दर्जनभर से ज्यादा सभासद कैराना में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह से तहसील दिवस में मिले और 16 सभासदों के हस्ताक्षरों वाला प्रार्थना पत्र दिया। बताया कि मेला गुघाल धार्मिक आस्थाओं से जुड़ा है। यदि मेले का ठेका छूटेगा तो उससे आने वाले रेहड़ी, पटरी ठेली आदि गरीब लोगों से ठेकेदार द्वारा धन उगाई की जाएगी।