कैराना । कैराना ब्लाक प्रमुख के चुनाव में सपा समर्थित प्रत्याशी नफीसा जीत गई। आमने सामने के मुकाबले में उन्होंने पूर्व ब्लाक प्रमुख चौधरी वाजिद की भाभी संजीदा को पराजित कर दिया।
ब्लाक प्रमुख के चुनाव के लिए कैराना विकास खंड कार्यालय पर रविवार सुबह 11 बजे से शांतिपूर्वक मतदान शुरू हुआ। 31 सदस्यों ने अपने हेल्परों (सहायक) के साथ पहुंचकर मत डाले। कैराना ब्लाक के कुल 89 बीडीसी सदस्यों में से वार्ड से सदस्या ओमबीरी की मृत्यु हो जाने तथा वार्ड संख्या 56 के सदस्य तीतरवाड़ा निवासी तासिम जेल में बंद होने के कारण 87 सदस्यों ने मतदान में हिस्सा लिया।
दोपहर सवा एक बजे तक सभी सदस्यों ने अपने वोट डाल लिए थे। इस दौरान गय्यूर की पत्नी नफीसा के समर्थन में सपा विधायक चौधरी नाहिद हसन पहुंचे। वहीं, पूर्व प्रमुख चौधरी वाजिद की भाभी संजीदा के समर्थन में जिला पंचायत अध्यक्ष पति प्रसन्न चौधरी, बसपा नेता हाजी अनवर हसन, कंवर हसन और भाजपा नेता अनिल चौहान मौजूद रहे।
दोपहर तीन बजे मतगणना शुरू की गई, जिसमें ग्राम भूरा निवासी गय्यूर की पत्नी नफीसा (सपा समर्थित प्रत्याशी) को 47 मत प्राप्त हुए, जबकि संजीदा को 39 मत प्राप्त हुए। एक मत निरस्त हुआ। नतीजे घोषित होने पर नफीसा पक्ष के लोगों ने खुशी मनाई, तो संजीदा पक्ष के लोगों को मायूसी हाथ लगी।