शामली। ऊन में तहसील बनाने के स्थान को लेकर विरोध पैदा हो गया। जिला प्रशासन ने ऊन पुलिस चौकी के पीछे निर्माण शुरू करा दिया। ग्रामीणों ने कहा तहसील निर्माण गागोर में होना चाहिए था। क्योंकि पूर्व में वहीं का प्रस्ताव बनकर शासन को गया था।
उधर, तहसील भवन के शिलान्यास के लिए 10 सितंबर को केबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ऊन आ रहे हैं। इस कारण रविवार को जिलाधिकारी ओपी वर्मा, एसपी विजय भूषण और सपा नेता और एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारी का जायजा लिया।
अधिकारियों ने कहा ऊन चौकी के पीछे ही तहसील भवन निर्माण का अंतिम फैसला लिया है, इसी कारण यही निर्माण होगा। इस दौरान एसडीएम ऊन राम अवतार गुप्ता, सीओ वसीम खान आदि रहे। रविवार को विजयपाल ठेकेदार के आवास पर पंचायत हुई। इसकी अध्यक्षता वीर सेन गागोर ने की।
संचालन सतेंद्र सिंह ने किया। इसमें वक्ताओं ने कहा तहसील भवन का निर्माण पूर्व में भेजे प्रस्ताव वाले स्थान पर ही होना चाहिए। पूर्व चेयरमैन पति प्रदीप चौधरी ने कहा ऊन चौकी के पीछे भूमि पर कस्तूरबा गांधी विद्यालय का प्रस्ताव भी गया था।
पंचायत में 20 सदस्यीय कमेटी बनाई, जो तहसील भवन के निर्माणस्थल की मांग पर लड़ाई लडे़गी। इसमें सत्यवीर, देवेंद्र, महिपाल, नीरज, हरेंद्र, पवन, अनंत कुमार, प्रमोद, पिन्टू, सोनू, मुकेश, कपिल, धीर सिंह आदि मौजूद रहे।