शामली। गांव सिंभालका में होली चाइल्ड स्पोर्ट्स एकेडमी में सात दिवसीय प्रथम अंडर-19 टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। पहला मैच एवेंजर शामली और मुजफ्फरनगर स्टेडियम के बीच खेला गया। यह मैच मुजफ्फरनगर स्टेडियम ने चार विकेट से जीत लिया।
होली चाइल्ड स्पोर्ट्स एकेडमी शामली में बृहस्पतिवार को आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर प्रवीण कुमार और पूर्व जिला पंचायत सदस्य विजय मलिक व संजीव कुमार ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर क्रिकेटर प्रवीण कुमार ने कहा कि जिला शामली को मेरठ दिल्ली की तरह क्रिकेट का हब बनाएंगे। वे अपने क्षेत्र से क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारकर इंडिया टीम तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
होली चाइल्ड स्पोर्ट्स एकेडमी पर ट्रायल कर प्रतिभाओं को आगे तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे हर महीने चार-पांच बार एकेडमी पर आकर खिलाड़ियों की समस्याओं को दूर करेंगे। स्पोर्ट्स एकेडमी के संचालक जबर सिंह खैवाल ने बताया टूर्नामेंट का पहला मैच एवेंजर शामली और मुजफ्फरनगर स्टेडियम के बीच खेला गया। एवेंजर टीम के कप्तान अरुण ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 107 रन का लक्ष्य खड़ा किया।
मुजफ्फरनगर स्टेडियम की टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए चार विकेट से यह मैच जीत लिया। मुजफ्फरनगर की टीम की टीम के सुहेल ने चार विकेट लिए और उन्हें मैन ऑफ मैच का खिताब दिया गया।
इस अवसर पर योगेंद्र सिंह, रणदीप मलिक, आजाद चौधरी, कुलदीप पंवार, अफसर, संजीव, रवि मलिक, अजित सिंह, धर्मेंद्र, जयवीर, प्रताप, देवेंद्र, कोच संदीप बालियान, पंकज कुमार, पम्मी, सन्नी खैवाल, सादिक, फरमान, रॉकी आदि मौजूद रहे। अंपायर के रूप में शकील मलिक, अमित कुमार और स्कोरर अमन आदि रहे। संचालक जबर सिंह ने बताया टूर्नामेंट 28 जून तक चलेगा।