शामली। तीन दिवसीय 43वीं स्टेट सीनियर महिला कबड्डी चैंपियनशिप का रविवार को समापन हो गया। फाइनल में मुजफ्फरनगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। रोमांचक मुकाबले में मुजफ्फरनगर को 39 और वाराणसी को 25 अंक मिले।
गांव लपराना में चल रही कबड्डी प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मैच वाराणसी-इलाहाबाद और शामली -मुजफ्फरनगर के बीच खेले गए। वाराणसी ने इलाहाबाद को हराकर फाइनल में जगह बनाई तो मुजफ्फरनगर टीम ने शामली को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
इसके बाद फाइनल मुकाबला कोर्ट नंबर एक पर मुजफ्फरनगर और वाराणसी के बीच हुआ। पहले राउंड में मुजफ्फरनगर के 15 एवं वाराणसी के 10 अंक थे। दूसरे राउंड में मुजफ्फरनगर की खिलाड़ियों ने बढ़त बनाए रखी और 39 प्राप्त किए जबकि उपविजेता रही वाराणसी टीम को 25 अंक मिले। इलाहाबाद टीम तीसरे और चौथे नंबर पर शामली टीम रही।
इससे पहले क्वार्टर फाइनल में वाराणसी को 22 अंक, बागपत को 11, मेरठ को 22, इलाहाबाद को 34, मुजफ्फरनगर को 55, कानपुर को 12 अंक, गाजियाबाद को 21 और शामली को 44 अंक मिले। सेमीफाइनल में वाराणसी को 30 और इलाहाबाद को 12 अंक, मुजफ्फरनगर को 36 एवं शामली को 30 अंक मिले।
मुकाबलों के बाद समापन समारोह में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक डा. अजयपाल शर्मा ने कहा कि खिलाड़ियों को पूरी ऊर्जा के साथ खेलना चाहिए। उन्होंने भविष्य में भी क्षेत्र में ऐसे आयोजन करने की अपील की। पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल ने विजेता और उपविजेता टीम को अपनी ओर से 11-11 हजार रुपये के नगद पुरस्कार दिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष पवन तरार, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्रपाल वर्मा ने कहा कि कबड्डी संघ अन्य गांवों में भी ऐसे आयोजन कराए। अर्जुन अवार्डी अनुज पहलवान ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए अच्छी सुविधाएं जरूरी हैं। उनका प्रयास रहेगा कि शामली जनपद में खेल एकेडमी खुलवाई जाए। आयोजक आजाद चौधरी ने कहा कि भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
इस दौरान पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल, जिला पंचायत सदस्य शेर सिंह राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन तरार, बिजेंद्र चौधरी, ठाकुर अनिल सिंह, रामपाल सिंह, संदीप सिंह, सुभाष चौधरी, हरबीर मलिक, तेजबीर मलिक आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। रेफरी गुलबहार, सतेंद्र, बिनोद, स्कोरर प्रेम सिंह, असिस्टेंट स्कोरर नरसिंह रहे।