कैराना। गांव सहपत के जंगल में शुक्रवार सुबह धान के खेत में एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। सूचना पर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच-पड़ताल की।
ग्रामीण बलबीर, दानिस के अनुसार सुबह करीब 10 बजे ऋषिपाल के धान के खेत में एक युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कोतवाली प्रभारी सतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के चेहरे व शरीर को कई स्थानों से जानवरों और कीड़ों ने नोच रखा था। युवक पेंट-शर्ट पहने हुए था। पुलिस के अनुसार शव करीब 15 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।
बाद में फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ कैराना हेमंत कुमार ने बताया कि शव काफी पुराना है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।