कांधला पुलिस ने फतेहपुर झाल के निकट नहर पटरी पर हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से 25 हजार का इनामी बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी कर घायल बदमाश के साथ ही उसके दो साथी बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक कार, तीन तमंचे और कारतूस बरामद किए।
एएसपी अजय प्रताप सिंह और सीओ कैराना राजेश तिवारी के निर्देशन में वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान फतेहपुर झाल के समीप नहर पटरी पर कार में आ रहे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश नवाब, निवासी गंगेरु थाना कांधला पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए नवाब के अन्य दो साथी बदमाश नवीन निवासी मोहल्ला शेखजादगान कांधला और इसरार निवासी गांव गढ़ीमियां थाना कांधला को गिरफ्तार कर लिया। कांधला थाना प्रभारी सुनील दत्त ने बताया कि बदमाशों के कब्जे से तीन तमंचे, कार और कारतूस बरामद हुए हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि घायल बदमाश नवाब कांधला थाने पर दर्ज गैंगस्टर के मुकदमे में वांछित था, जिसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पकड़े गए बदमाश का पशु चोरी करने का संगठित गिरोह है। पकड़े गए बदमाश जनपद शामली समेत अन्य राज्यों में पशु चोरी करते थे। पूछताछ में पता चला कि पकड़े गए बदमाश झिंझाना के गांव रंगाना, लपरना और थाना गढ़ीपुख्ता के गांव मालेंडी, तान और हरियाणा में पशुओं की चोरी करने में शामिल रहे हैं।