शामली। झिंझाना रोड स्थित विवाहिता की निर्मम हत्या के मामले में फरार आरोपियों के खिलाफ पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। जिसके विरोध में भाकियू कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे विवाहिता के परिजनों ने एसपी दफ्तर पर धरना दिया। आरोप था कि पुलिस आरोपियों से मिली हुई है। जिस कारण वह खुले घूम रहे हैं।
टीचर्स कालोनी में 24 दिसंबर को हुई विवाहिता के हत्यारोपी अभी फरार चल रहे हैं। मृतका के भाई आमवाली निवासी अनुराग ने पति रोबिन, सास उर्मिला, ननदोई मोहित, ननद अंशु, ससुर तेजवीर, विकास व ज्योति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। साथ ही परिजनों से मारपीट के मामले में कंवरपाल, वीरेंद्र और ओमवीर पर भी केस दर्ज है। पुलिस मृतका की सास उर्मिला, पति रोबिन व ससुर तेजपाल को गिरफ्तार कर उनका चालान कर चुकी है, जबकि अन्य आरोपी अभी फरार चल रहे हैं।
बृहस्पतिवार को फिर से भाकियू कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने एसपी दफ्तर पर धरना दिया। इस दौरान पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। महिलाओं ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों से मिली हुई है और जानबूझकर उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है। करीब पांच घंटे तक ग्रामीण धरने पर बैठे रहे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी चलती रही। बाद में एडिशनल एसपी ने भाकियू कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह तुरंत कार्रवाई की मांग पर अड़ गए।
बाद में एएसपी ने मृतका के परिजनों व भाकियू कार्यकर्ताओं के साथ वार्ता की और इस मामले में फरार आरोपियों के गैर जमानती वारंट जारी कराने का आश्वासन दिया। जिसके बाद धरना समाप्त हुआ। भाकियू के प्रदेश सचिव ओमपाल मलिक, प्रदीप चौधरी, कुलदीप पंवार, तेजपाल सिंह धनौड़ा, बिट्टू, सहदेव, ब्रजपाल, प्रदीप, सहंसर पाल, सुरेंद्र सिंह, बाबा सूरजमल, जयवीर आदि रहे।