शामली। रेलपार स्थित बाईपास रोड को लेकर आखिरकार प्रशासन जाग गया। नगर पालिका ने मार्ग की मरम्मत कार्य शुरू करा दिया है, तो विकास प्राधिकरण से इस सड़क के नवीनीकरण कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
गौरतलब है कि 31 मार्च के अंक में अमर उजाला ने बाईपास रोड की जर्जर हालत को लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। गुरुद्वारा तिराहा से बुढ़ाना रोड तिराहे तक करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क को लेकर नगरपालिका परिषद शामली और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मनमानी पर उतरे हुए थे।
दोनों ही विभाग के अधिकारी कहते थे कि यह सड़क हमारी नहीं है। मुद्दा प्रमुखता से उठने के बाद राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सुरेश राणा ने भी पिछले दिनों में मीटिंग में इस पर दोनों विभागों के अधिकारियों से स्पष्ट तौर पर पूछा, तो नगर पालिका ने मरम्मत कराने की हामी भर ली थी। इसके बाद जिलाधिकारी ने निर्देश दिया था कि सात दिन के भीतर सडक गड्ढा मुक्त हो जानी चाहिए।
इसी के चलते मंगलवार को नगर पालिका परिषद की ओर से कर्मचारियों की टीम लगाकर बाईपास रोड की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया गया। जहां जहां गहरे गड्ढे हो रहे थे, वहां गड्ढों को भरवाया जा रहा है। उधर, मालूम चला है कि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सुरेश राणा के कहने के बाद जिला प्रशासन ने इस मार्ग के निर्माण के लिए अलग से प्रस्ताव बना कर मुजफ्फरनगर/शामली विकास प्राधिकरण को भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। राज्यमंत्री सुरेश राणा ने बताया कि प्राधिकरण के वीसी को पत्र भेजा है, ताकि बाईपास रोड का निर्माण की स्वीकृति मिलने पर जल्दी ही निर्माण कार्य शुरू कराया है।