कैराना (शामली)। दो दिन पूर्व चित्रकूट जेल में गैंगवार में मारे गए बदमाश मुकीम काला के शव को अपने गांव की मिट्टी नसीब नहीं हुई। चित्रकूट से लाए गए मुकीम के शव को हरियाणा में उसके मामा के गांव अधमी सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
कैराना में व्यापारियों के पलायन की मुख्य वजह रहे कुख्यात बदमाश मुकीम काला की शुक्रवार को चित्रकूट जेल में गैंगवार में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मुकीम के गांव जहानपुरा में उसका मकान खंडहर बना हुआ है। मुकीम की मां, दो छोटे भाई व दो बहनें कई साल से जहानपुरा में अपना मकान छोड़कर हरियाणा के सनौली थानाक्षेत्र के गांव अधमी में रहते हैं। मुकीम की हत्या की सूचना पर उसकी मां मीना, चाचा और मामा शव लेने के लिए चित्रकूट पहुंचे थे।
शनिवार दोपहर को परिजन शव लेकर चित्रकूट से चले थे। शनिवार रात में एंबुलेंस से मुकीम काला का शव लेकर परिजन उसके मामा के गांव अधमी ले गए। रविवार सुबह करीब छह बजे गांव अधमी के कब्रिस्तान में मुकीम काला के शव को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि मुकीम काला के शव को उसके परिजन हरियाणा के गांव अधमी ले गए, जहां उसे सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।