शामली। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव टिटौली में संदिग्ध हालात में आग लगने के कारण महिला और उसकी बेटी झुलस गई। मां बेटी को शामली अस्पताल में लाया गया, जिसके बाद महिला को गंभीर हालत के चलते दिल्ली रेफर किया गया है।
सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे गांव टिटौली में रहने वाली एक महिला और उसकी बेटी घर में ही संदिग्ध हालात में आग लगने के कारण झुलस गई।
शोरशराबा होने पर लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद महिला और उसकी बेटी को शामली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। इसी दौरान महिला के मायके वाले भी अस्पताल पहुंच गए तथा घटना में ससुरालियों पर आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे।
मौके पर मौजूद जिम्मेदार लोगों ने समझा बुझाकर उन्हें शांत किया। वहीं, प्राथमिक उपचार होने के बाद महिला को गंभीर हालत के चलते दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, आदर्श मंडी थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा का कहना है कि घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।