शामली। विभिन्न स्थानों पर दुकानों से लेकर गोदाम संचालित करने वाले कुछ लोग घरेलू कनेक्शन पर व्यावसायिक बिजली प्रयोग कर विभाग को चूना लगा रहे हैं। हाल ही में ऊर्जा निगम के अधिकारियों द्वारा कराए गए सर्वे में यह चौकाने वाला खुलासा हुआ है कि शामली के अलावा कैराना, थानाभवन, कांधला, जलालाबाद क्षेत्र में 1200 से अधिक उपभोक्ता घरेलू पर व्यावसायिक बिजली का प्रयोग कर रहे हैं। यही नहीं 40 ऐसे भी मिले हैं, जो एक कनेक्शन पर दो से लेकर तीन दुकानों में बिजली का प्रयोग कर रहे हैं। ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने अब ऐसे उपभोक्ताओं से जुर्माना वसूलने और कनेक्शन को व्यावसायिक करने की तैयारी कर ली है। उपभोक्ताओं को भी एक सप्ताह का समय दिया गया है कि वे अपने कनेक्शन को व्यावसायिक करा लें। इस तरह के मामलों की बानगी....
केस-1
कैराना के रहने वाले समीर के यहां पर ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने घरेलू कनेक्शन पर व्यावसायिक बिजली प्रयोग होते पकड़ी। अब समीर से जुर्माना वसूलने और कनेक्शन को व्यावसायिक करने की तैयारी विभागीय अधिकारियों ने कर ली है।
केस-2
शामली के काजीवाड़ा के रहने वाले आसिफ के यहां भी घरेलू की आड़ में व्यावसायिक बिजली का प्रयोग किया जा रहा था। सर्वे में इसका खुलासा हुआ। आसिफ को नोटिस जारी किया जा रहा है।
केस-3
कांधला निवासी राजेंद्र के यहां पर भी घरेलू की आड़ में व्यावसायिक बिजली प्रयोग की जा रही थी। राजेंद्र को एक सप्ताह का समय दिया गया है।
ये तीन उदाहरण तो बानगी भर मात्र है। सर्वे में जिलेभर के 1200 से अधिक उपभोक्ता घरेलू की जगह व्यवसायिक बिजली उपयोग करते मिले हैं।
विद्युत प्रदाय संहिता 2005 के तहत होगी जुर्माने की कार्रवाई
ऊर्जा निगम के एक्सईएन रविंद्र प्रकाश, विनोद कुमार ने बताया कि जो उपभोक्ता घरेलू बिजली कनेक्शन का इस्तेमाल कॉमर्शियल के रूप में कर रहे हैं, उन्हें दो सप्ताह के अंदर कनेक्शन लेने को कहा गया है। अगर ऐसा नहीं होता है तो उनके खिलाफ विद्युत प्रदाय संहिता 2005 के तहत जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा जहां पर एक प्रतिष्ठान से अधिक दुकानों पर बिजली सप्लाई की जा रही है, वहां भी कार्रवाई की जाएगी। उन पर भी जुर्माना लगाया जाएगा।
जिले में उपभोक्ताओं की संख्या : 2 लाख 70 हजार
जिले में उपभोक्तओं पर बकाया : 268 करोड़
बकाया उपभोक्तओं की संख्या : 2 लाख
हाल ही में जमा कराए गए रुपये : तीन करोड़
हर साल हो रही करोड़ो के राजस्व की हानि
सूत्रों के अनुसार बड़ी संख्या में शहरी और देहात के उपभोक्ता घरों में दुकान बनाने के साथ ही व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन कर रहे हैं। इन लोगों की ओर से घरों के बिजली कनेक्शन पर ही व्यावसायिक बिजली का भी प्रयोग किया जा रहा है। इससे प्रतिवर्ष बिजली विभाग को करोड़ों रुपये का नुकसान होने की संभावना है। अब इस नुकसान की भरपाई और लाइन लॉस को कम करने के लिए ऊर्जा निगम की ओर से कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
घरेलू कनेक्शन से महंगा होता है व्यावसायिक कनेक्शन का बिल
घरेलू कनेक्शन पर जहां ऊर्जा की ओर से प्रति किलोवाट करीब 120 रुपये का फिक्स चार्ज वसूला जाता है, जबकि प्रति यूनिट भी औसतन सात रुपये की वसूली होती है। जबकि व्यावसायिक कनेक्शन पर उपभोक्ताओं को सर्दी के मौसम में 450 रुपये न्यूनतम चार्ज और गर्मियों के मौसम में 600 रुपये न्यूनतम चार्ज की वसूली की जाती है। इसके अलावा प्रति यूनिट भी आठ रुपये की दर से बिल बनाया जाता है। ऐसे में यदि उपभोक्ताओं के घरों के कनेक्शन व्यावसायिक किए जाएंगे, तो उपभोक्ताओं की जेब पर बड़ा असर पड़ेगा।
हाल ही में घरेलू कनेक्शन पर व्यावसायिक बिजली का प्रयोग करने वाले उपभोक्ताओं का सर्वे कराया गया, जिसमें कई उपभोक्ता घरेलू की आड़ में व्यावसायिक बिजली उपयोग करते मिले।। यदि घर में व्यावसायिक गतिविधि हो रहीं हैं तो उपभोक्ताओं से अपील है कि इसके लिए अलग से कनेक्शन लें, अन्यथा की स्थिति में घरेलू कनेक्शन को व्यावसायिक में बदला जाएगा और जुर्माने की कार्रवाई भी की जाएगी।
-रविंद्र प्रकाश, एक्सईएन
कई उपभोक्ता घरेलू की आड़ में व्यावसायिक बिजली प्रयोग करते मिले हैं। सर्वे अभी जारी रहेगा। ऐसे लोगों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई भी की जाएगी।
रामकुमार, एसई शामली