बंदर का आतंक, कई बच्चों को किया घायल
थानाभवन। कस्बे के मोहल्ला शाह विलायत में एक बंदर ने पिछले 15 दिनों से आतंक मचा के रखा है। आलम यह है कि अब तक यह बंदर लगभग 12 बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुका है। बंदर के कारण मोहल्ले के लोग भय के साए में जिंदगी काट रहे हैं।
शाह विलायत मोहल्ले की रेलवे कॉलोनी में यह बंदर पिछले एक पखवाड़े से लोगों के लिए आतंक का सबब बना हुआ है। स्थानीय लोगों की मानें तो ज्यादातर यह बंदर बच्चों पर हमला करता है और उनसे सामान छीन कर काट लेता है। अब तक की बात करें तो मोहल्ले के हुमैरा, उवैस, फातिमा, सुमायला, अमन, सोफिया, जैद, मन्ना, समर, नबिया, साकिब आदि बच्चों को घायल कर चुका है। इसके अलावा भी कई बच्चे ऐसे हैं, जो बंदर के हमले में बाल-बाल बचे हैं। मोहल्लेवासियों ने बताया कि जब भी इस बंदर को भगाने का प्रयास किया जाता है तो यह लोगों पर हमला कर देता है। मोहल्लेवासियों ने बंद को पकड़वाने की मांग की है।
अक्सर रहता है वैक्सीन का टोटा
कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के इस समय तो वैक्सीन उपलब्ध है, लेकिन अक्सर टोटा ही रहता है। फार्मासिस्ट राकेश चंद्र डबराल ने बताया कि 110 एंटी रेबीज वैक्सीन मौजूद हैं। फिलहाल सिर्फ थानाभवन क्षेत्र के लोगों को ही इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं। उम्मीद है कि इंजेक्शन खत्म होने से पहले नया स्टॉक अस्पताल पहुंच जाएगा।
नगर पंचायत को किसी को बंदर के काटने के संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। यदि ऐसा है तो मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए बंदर को पकड़वाया जाएगा, ताकि लोग आराम से अपने घरों में रह सकें।
- रफत परवीन, चेयरमैन नगर पंचायत।