शामली। गांव बलवा में भूमि का बैनामा करने के नाम पर धोखाधड़ी से रुपये हड़पने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
झिंझाना थानाक्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी आजम, कैराना निवासी ताजिम व अजीम ने एसपी एनपी सिंह को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने आरिफ से 23 मई 2025 को गांव बलवा में भूमि खरीदी थी। इसके लिए नौ लाख 13 हजार रुपये नकद और पांच लाख रुपये उसके बैंक खाते में दिए थे। यह भूमि गांव तितरवाड़ा निवासी जावेद व भूरा ने अपनी जिम्मेदारी पर दिलवाई थी।
पीड़ितों का कहना है कि चार माह बाद उन्हें पता चला कि आरिफ ने उस भूमि का बैनामा जुलफान निवासी गांव बलवा के हक में 17 मार्च 2020 को पहले ही कर रखा है। अब आरोपियों ने रुपये वापस देने से मना कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। एसपी के आदेश पर शहर कोतवाली में आरिफ, जावेद, भूरा और इरफान के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच अधिकारी धर्मेंद्र गौतम ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।