शामली। क्षेत्र के गांव लांक निवासी युवक से मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद से अलग-अलग दो बैंक खातों से तीन लाख 72 हजार रुपये निकाल लिए। साइबर क्राइम थाने पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव लांक निवासी मनोज कुमार ने साइबर क्राइम थाने पर दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 23 मई को अपने किसी कार्य के लिए दिल्ली रेलवे स्टेशन से जयपुर जा रहा था। रात के समय पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से अज्ञात व्यक्ति ने उसका मोबाइल फोन खिड़की के माध्यम से छीन लिया था।
इसकी शिकायत उसने उसी समय ऑनलाइन माध्यम से कर दी थी। 24 मई की सुबह नौ बजे उसने सिम कार्ड बंद कराते हुए दूसरा सिम ले लिया था। इसके बाद 30 मई की शाम उसके मोबाइल फोन पर मैसेज आया, जिसमें उसे बैंक खाते से पैसे निकल जाने का शक हुआ। उसने मोबाइल नंबर पर लिंक अलग-अलग दो बैंकों के खाते की जानकारी की तो पता चला कि 24 मई से 30 मई तक करीब तीन लाख 72 हजार रुपये निकाल लिए गए। इसमें एसबीआई से एक लाख 32 हजार 352 रुपये और पीएनबी खाते से दो लाख 39 हजार रुपये निकाले गए। इसके संबंध में साइबर क्राइम पोर्टल पर 31 मई को शिकायत रजिस्टर्ड करा दी गई थी। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।