कैराना। शनिवार की रात बेखौफ बदमाशों ने गांव पंजीठ में आश्रम व दो मकानों को निशाना बनाया। बदमाशों तीनों स्थानों से लाखों रुपये के जेवरात व नगदी चोरी कर ले गए। आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरे में नकाबपोश बदमाश कैद हुए है। पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ितों से जानकारी ली तथा पुलिस को जल्द ही घटनाओं का खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।
पंजीठ निवासी प्रवीण सैनी ने बताया कि शनिवार की रात वह अपने परिवार के साथ मकान के अंदर सोए थे। रात करीब साढे 12 बजे छत के रास्ते से बदमाश उसके मकान में घुस गए। माता भरपाई के कमरे का ताला तोड़कर और वहां रखे संदूक का ताला तोड़ा गया। संदूक से 50 हजार रुपये की नगदी, चांदी की तीन जोड़ी पाजेब व सोने की दो अंगूठी तथा कपड़े चोरी कर लिए। आहट होने पर परिवार के सदस्य जाग गए, जिसके बाद बदमाश मकान के पीछे का गेट खोलकर फरार हो गए।
वहीं बराबर में ही बबलू उर्फ पवन सैनी के मकान की दीवार फांदकर बदमाश मकान में घुसे। दो कमरों के अंदर सो रहे परिवार के सदस्यों को बदमाशों ने कमरों की बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया तथा मकान के एक कमरे का ताला तोड़कर वहां से करीब डेढ़ लाख की नगदी व नौ तोला सोने के जेवरात चोरी कर लिए। इसी दौरान परिवार की एक महिला की नींद खुल गई। जिसने बाहर गेट पर खड़े एक बदमाश को देखकर शोर मचा दिया। बदमाश सामान लेकर फरार हो गए।
इसके बाद बदमाश गांव के बाहरी क्षेत्र में नकली सिंह सैनी के आश्रम में पहुंचे। जहां पर एक कमरा व एक होल का बदमाशों ने ताला तोड़ा और करीब 15 हजार रुपये की नगदी व अन्य सामान चोरी कर लिया। सुबह करीब सवा चार बजे नकली सिंह सैनी का छोटा बेटा बबलू आश्रम पर पहुंचा तो काली माता के मंदिर के गेट तोड़ने की आवाज सुनकर उसने परिजनों को फोन पर घटना की सूचना दी। इसी दौरान पहरे पर खड़े एक बदमाश ने बबलू को देख लिया। सभी बदमाश जंगल के रास्ते से फरार हो गए।
घटना की सूचना पर रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। सुबह के समय पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस क्षेत्राधिकारी श्याम सिंह का कहना है कि गांव में तीन स्थानों पर अज्ञात बदमाशों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। जहां से नगदी व जेवरात चोरी करने किए जाने की जानकारी दी गई है। मामले में मुकदमा दर्ज किया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
चोर डाल डाल पुलिस पात-पात
कैराना। शनिवार रात बदमाश आगे-आगे और पुलिस पीछे-पीछे रही। बदमाशों ने सबसे पहले रात करीब साढे 12 बजे पवन सैनी के मकान में घुसकर चोरी की। रात में ही सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं कुछ ही दूरी पर प्रवीण सैनी के मकान में रात करीब 1 बजे बदमाशों ने चोरी की। यहां पर भी सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन बदमाशों के हौसले बुलंद रहें। रात करीब तीन बजे गांव के बाहर बने नकली सिंह सैनी के आश्रम में बदमाश घुस गए। यहां पर भी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
परिवार में है शादी समारोह
कैराना। प्रवीण सैनी व बबलू उर्फ पवन सैनी का परिवार एक ही है। दोनों के परिवार में कल शादी समारोह का आयोजन होना है। इससे पहले चोरों ने दोनों ग्रामीणों के मकानों में चोरी की घटना को अंजाम देकर जहां पुलिस को खुली चुनौती दी है।
सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए नकाबपोश बदमाश
कैराना। गांव के अंदर दोनों ग्रामीणों के घरों में चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश नकली सिंह सैनी के आश्रम पर पहुंचे। जहां पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में चार नकाबपोश बदमाश दिखाई दें रहें हैं, जो टॉर्च की रोशनी में काली माता के मंदिर की खिड़की से अंदर झांकने का प्रयास करते दिखाई दें रहे हैं। एक अन्य बदमाश आश्रम के बाहर वाले हिस्से पर खड़ा होकर पहरा देता दिखाई दें रहा है। सभी चारों बदमाशों ने अपने मुंह पर कपड़ा लपेट रखा है।
मकानों में रंग पुताई करने वालों पर शक
कैराना। प्रवीण सैनी व बबलू उर्फ पवन सैनी ने बताया कि परिवार में शादी समारोह है। कुछ दिन पूर्व उन्होंने कैराना निवासी कुछ युवकों से मकानों में रंग पुताई का कार्य कराया था। चोरी की घटना अंजाम देने वालों में एक युवक रंग पुताई करने वाले युवक जैसा दिखाई दिया। उन्हें शक है कि रंग पुताई करने वाले किसी युवक ने मिलकर घटना को अंजाम दिया होगा। पुलिस इस एंगल पर भी काम कर रही है।
झाडखेडी चोरी प्रकरण का नहीं हो सका खुलासा
कैराना। 10 अगस्त को गांव झाडखेडी निवासी अधिवक्ता अवधेश सैनी के मकान में घुसकर बदमाशों ने 45 तोले सोने के जेवरात, दो किलो चांदी व 40 हजार की नगदी तथा एक लाइसेंसी बंदूक चोरी कर ली थी। पुलिस इस घटना में शामिल बदमाशों तक भी नहीं पहुंच पाई। घटना का आज तक खुलासा नहीं हो सका।