सोने के कुंडल खींचकर महिला के कान फाड़े, डंडे से हमला कर किया घायल
चार बदमाश दीवार फांदकर घुसे और मुख्य दरवाजे से भागे
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाभवन। क्षेत्र के गांव रशीदगढ़ में बाहरी छोर पर राज्यमंत्री जसवंत सैनी के ममेरे भाई योगेश कुमार के मकान में घुसे चार बदमाशों ने लूट की। बदमाशों ने बरामदे में सो रही महिला के कानों के कुंडल लूट लिए। कुंडल खींचने के दौरान कान फटने से महिला घायल हो गई। दूसरे कमरे में सो रहे योगेश के भाई संजय के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। शोर-शराबा होने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देकर बदमाश भाग गए।
गांव रशीदगढ़ निवासी योगेश कुमार ने बताया कि रविवार रात घर में कमरे में सो रहा था। उसका भाई संजय दूसरे कमरे में, भाभी खुशी और भतीजा विकसित बरामदे में सो रहे थे। उनकी मां बिशन देवी तीसरे कमरे में सो रही थी। योगेश किसान होने के साथ इलेक्ट्रिक का कार्य करते हैं और संजय शादी-विवाह में फोटोग्राफर का कार्य करते हैं। योगेश के मुताबिक रात में करीब 1.30 बजे चार अज्ञात बदमाश दीवार फांदकर मकान के अंदर घुस आए और अंदर से मुख्य गेट अंदर से खोल लिया।
एक बदमाश ने अपने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। बदमाशों ने बरामदे में सो रही संजय की पत्नी खुशी के मुंह को दबाकर कानों के कुंडल खींच लिए, जिससे उसके दोनों कान लहूलुहान हो गए। खुशी के हाथ में रॉड से भी हमला किया गया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद बदमाशों ने कमरे में सो रहे संजय के सिर पर भी किसी धारदार हथियार से हमला कर गंभीर घायल कर दिया।
बदमाशों ने घर में रखे बक्सों को खंगालकर जेवर व नकदी आदि सामान लूट लिया। इस दौरान बदमाशों द्वारा परिजनों की तरफ मिर्च पाउडर भी फेंकना बताया गया है। शोर होने पर आसपास के लोग जागने लगे तो सभी बदमाश परिवार को जान से मारने की धमकी देकर मुख्य दरवाजे से जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
सूचना मिलने पर पुलिस ने रात में मौके पर पहुंचकर वारदात की जानकारी ली। योगेश व संजय कुमार प्रदेश के राज्यमंत्री जसवंत सैनी के ममेरे भाई है।
घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराकर उपचार कराया गया है। पीड़ित योगेश की तरफ से थाने में दी तहरीर दी गई है।
जांच अधिकारी थाना प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।
चारों बदमाश युवा उम्र के थे
योगेश के चचेरे भाई नीरज ने बताया कि चारों बदमाश 25-30 वर्ष की आयु के लग रहे थे। वारदात के दौरान उन्होंने आपस में कोई बातचीत भी नहीं की, जिससे उनकी बोलचाल व भाषा के बारे में कुछ पता नहीं चल सका। वारदात के बाद परिजनों में दहशत का माहौल है।
पुलिस की चार टीमें लगाई
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि रशीदगढ़ में हुई वारदात के खुलासे के लिए थाना पुलिस के साथ स्वाट, क्राइम व सर्विलांस की टीमें लगाई गई है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।