शामली। हरियाणा के यमुनानगर से रेत की तस्करी कर ले जा रहे ट्रेलर को निकालने के लिए तीन कार में सवार लोगों ने खान अधिकारी के साथ अभद्रता और होमगार्ड के साथ हाथापाई की है। पुलिस की मदद से रेत से लदे ट्रेलर को पकड़ा गया। खान अधिकारी तहरीर पर पुलिस ने ट्रेलर चालक को नामजद कर तीन कारों में सवार अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जिला खान अधिकारी आशीष द्विवेदी ने शहर कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि सात जून को शाम साढ़े चार बजे मेरठ-करनाल हाईवे पर सिंभालका पुल पर उप खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी। इस दौरान बाईपास पर एक ट्रेलर को रोकने की कोशिश की तो चालक ने ट्रेलर को तेज गति से दौड़ा दिया। पीछा कर ट्रेलर को पकड़ लिया। आरोप है कि इसी दौरान बोलेरो में सवार लोग आए। उन्होंने अपने आप को भाकियू तोमर बताते हुए होमगार्ड के साथ हाथापाई करते हुए उसे ट्रेलर से नीचे उतारते हुए खान अधिकारी से अभद्रता की।
इसके बाद ट्रेलर को मेरठ की तरफ ले भागे। लांक चौकी पर पुलिस की मदद से रेत के ट्रेलर को पकड़ लिया। इसी दौरान दो कार में आए लोगों ने होमगार्ड से हाथापाई की। पुलिस ने सख्ती कर ट्रेलर को कब्जे में ले लिया। खान अधिकारी का कहना है कि जब कागजात मांगे तो ट्रेलर के चालक आजम खान ने यमुनानगर से रेत भरना बताया जबकि उसके पास दूसरे राज्य के लिए रेत ले जाने संबंधी कागज नहीं थे। वहीं तीन गाड़ियों में सवार लोग ट्रेलर को यूपी से पार कराने के लिए साथ चल रहे थे। खान अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने ट्रेलर चालक आजम खान निवासी सरधना जिला मेरठ को नामजद करते हुए तीनों गाड़ियों के नंबरों के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
उधर, भाकियू तोमर के प्रदेश महासचिव वकील चौहान का कहना है कि दो दिन पहले उनके पास संगठन के मेरठ के पदाधिकारियों का फोन आया था। उन्होंने बताया था कि वे रेत का ट्रेलर लेकर जा रहे थे। मेरठ हाइवे पर पर खान अधिकारी उनसे अवैध वसूली की कोशिश कर रहे हैं। इसे लेकर पदाधिकारियों की खान अधिकारी के साथ नोकझोंक हो गई थी। खान अधिकारी ने पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की धमकी दी थी। खान अधिकारी से अभद्रता व होमगार्ड से हाथापाई करने का आरोप गलत है। अभी तक पदाधिकारियों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज होने का मामला उनकी जानकारी में नहीं था ।