मंत्री ने शिकायतों के निस्तारण की हकीकत जानी
शामली। कलक्ट्रेट में स्थापित एकीकृत कोविड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर का प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने निरीक्षण किया। मंत्री ने ड्यूटी पर तैनात प्रभारी अधिकारी से कंट्रोल रूम पर प्राप्त शिकायतों के संबंध में प्रगति जानते हुए शिकायत रजिस्टर को चेक किया। मंत्री ने शिकायतों के निस्तारण की स्थिति जानी।
रविवार को प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने कलक्ट्रेट में स्थित एकीकृत कोविड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर का निरीक्षण किया। मंत्री ने ड्यूटी पर तैनात प्रभारी अधिकारी से कंट्रोल रूम पर प्राप्त शिकायतों के संबंध में प्रगति जानी। डीएम जसजीत कौर ने गन्ना मंत्री सुुुरेश राणा को अवगत कराया कि कंट्रोल रूम पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। कोविड-19 के चलते जिनको होम आइसोलेट किए गया है। उनसे निरंतर फोन पर वार्ता की जाती है। जिन मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत होती है, उसको तुरंत सुविधा सुलभ कराई जाती हैं। गन्ना मंत्री ने कंट्रोल रूम पर आउटगोइंग कॉल एवं इनकमिंग कॉल के संबंध में जानकारी ली।
डीएम ने गन्ना मंत्री को अवगत कराया कि कोविड-19 वैश्विक महामारी के दृष्टिगत जनपद में संक्रमण से बचाव हेतु चल रहे शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी रूप से सैनिटाइजेशन, साफ-सफाई का कार्य किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में 230 एवं शहरी क्षेत्रों के लिए 170 निगरानी समिति बनाई गई है, जो सक्रिय होकर कार्य कर रही है। जनपद में कोरोना की चेन को तोड़ने के लिए ग्रामीण अंचलों में 904 टीम द्वारा कोरोना सिंप्टोमेटिक लोगों को चिह्नित कर उनको मेडिकल किट उपलब्ध कराई जा रही है। मंत्री ने कहा कि निगरानी समिति के माध्यम से जिन कोरोना सिंप्टोमेटिक लोगों को मेडिकल किट उपलब्ध कराई जा रही है, उनका हाल जानने हेतु कंट्रोल रूम के अलावा ब्लॉक वार कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए। वहां पर ड्यूटी कर्मी तैनात किया जाए। अपर जिलाधिकारी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि सभी निकायों में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। सीएमओ डॉक्टर संजय अग्रवाल एसपी सुकीर्ति माधव, तैनात प्रभारी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कंडेला में डीएम- एसपी ने किया गैस प्लांट का निरीक्षण-
शामली। डीएम जसजीत कौर व एसपी सुकीर्ति माधव ने कंडेला गैस प्लांट का निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जो मरीज होम आइसोलेट हैं, ऐसे मरीजों को आधार कार्ड प्राप्त करने के पश्चात उन्हें ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने गैस प्लांट के व्यवस्थापक को कोरोना संक्रमण को देखते हुए सरकारी और प्राइवेट हॉस्पिटल में प्राथमिकता के आधार पर ऑक्सीजन सप्लाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन उपलब्ध है। गैस प्लांट व्यवस्थापक द्वारा बताया गया कि जनपद में होम आइसोलेट मरीजों को लगभग 40 से 50 मरीजों को प्रतिदिन गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।