ऊन क्षेत्र के गांव गागोर में खेत को देखते संयुक्त गन्ना आयुक्त एवं नोडल अधिकारी विश्वेश कनौजिया
- फोटो : SHAMLI
शामली। प्रदेश के संयुक्त गन्ना आयुक्त एवं मंडल के क्रय नोडल अधिकारी विश्वेश कनौजिया ने जिले की सभी चीनी मिलों के स्वामियों से मोबाइल पर बात कर किसानों के पिछले साल के अवशेष गन्ना मूल्य भुगतान के निर्देश दिए। कहा कि चीनी मिलों द्वारा गन्ना भुगतान में हीला हवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने खतौली चीनी मिल के करौदा महाजन क्रय केंद्र प्रथम और काबड़ौत गांव में गन्ने के साथ सरसों के सहफसली खेती ऊन सहकारी गन्ना विकास समिति के कार्यालय, ऊन और थानाभवन मिलों का निरीक्षण किया।
शनिवार को विश्वेश कनौजिया शामली गन्ना समिति के खतौली चीनी मिल के करौदा महाजन क्रय केंद्र प्रथम और काबड़ौत गांव में गन्ने के साथ सरसों के सहफसली खेती का निरीक्षण किया। इसके बाद ऊन सहकारी गन्ना विकास समिति के कार्यालय में पहुंचकर निरीक्षण किया। गन्ना समिति ऊन के क्षेत्रांतर्गत ग्राम ऊन में किसान कुलदीप मान के खेत में गन्ने की पत्तियों का ट्रैक्टर और मल्चर से किए जा रहे फसल अवशेषों के प्रबंधन, ग्राम गागौर के किसान सत्यपाल सैनी के खेत में गन्ने के साथ आलू की सहफसली खेती एवं रिगंपिट विधि जैविक खाद की सहायता से तैयार गन्ने को देखा।
चीनी मिल सुपीरियर फूड ग्रेन्स प्राइवेट लिमिटेड ऊन में गन्ने के मूल्य भुगतान एवं बकाया गन्ना मूल्य की समीक्षा की। चीनी मिल के स्वामी को फोन पर तत्काल बात कर अवशेष गन्ना मूल्य भुगतान के निर्देश दिए। नोडल अधिकारी ने बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल थानाभवन के मिल गेट का किया निरीक्षण तथा चीनी मिल अध्यासी को अवशेेष गन्ना मूल्य भुगतान एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।