मिल में आई तकनीकी खराबी, 12 घंटे रही बंद
शामली। शामली चीनी में आई तकनीकि खराबी के चलते 12 घंटे से ज्यादा समय तक मिल बंद रही। जिस कारण गन्ने की आवक अधिक होने के कारण शहर में गन्ने लदे वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम लग गया। पिछले छह दिन से शहर को गन्ने के लदे वाहनों से राहत नहीं मिल पाई है। शामली चीनी मिल में आने वाली गन्ने के लदे वाहन शहर की सीमा से बाहर तक पहुंचने लगे हैं।
बृहस्पतिवार की मध्य रात्रि 12 बजे शामली चीनी मिल तकनीकि खराबी के चलते बंद हो गई, जो शुक्रवार दोपहर बाद चालू की गई। छठे दिन भी शहर के मुख्य मार्गों से लेकर शामली मिल में आने वाले मार्गो पर गन्ने के वाहनों की लंबी लाइनें बढ़ गईं। गन्ने लदे वाहनों की संख्या शहर के मिल रोड, अग्रसेन पार्क, शिवचौक, कोतवाली रोड, अस्पताल एवं बुढ़ाना रोड, हनुमान रोड, वीवी इंटर कालेज रोड से फव्वारा चौक से विजय चौक तक पहुंच गई।
दूसरी ओर शहर के अग्रसेन पार्क, शिवचौक से धीमानपुरा फाटक पार गुरुद्वारा रोड, पंजाबी कालोनी से लेकर कुड़ाना मोड़, मेरठ-करनाल मार्ग पर बुढ़ाना रोड स्थित चीनी मिल गेट से लेकर गली वोहरा वाली के मोड ़से लेकर अस्पताल रोड हनुमान धाम रोड कोतवाली गेट तक गन्ना लदे वाहनों की लंबी लाइनें लगी रहीं। शामली चीनी मिल के वरिष्ठ प्रबंधक दीपक राणा ने बताया कि बृहस्पतिवार को मध्यरात्रि बारह बजे बोल्ट में खराबी आने से चीनी मिल बंद हो गई थी। बारह घंटे बाद चीनी मिल को चालू किया गया है। जिससे जाम की स्थिति बनी हुई है। चीनी मिल ने पांच मई के बाद गन्ने का इंडेंट जारी नहीं किया है। गन्ने का जाम खत्म होने के बाद गन्ने का इंडेंट जारी किया जाएगा।