शामली। पहले किराये के भवन में सैन्य अस्पताल खोला जाएगा। मंगलवार को सेना के अधिकारिओं ने सैन्य अस्पताल की भूमि का निरीक्षण किया । उन्होंने डीएम से मुलाकात कर कार्य योजना पर विचार किया।
मंगलवार को वेस्ट यूपी सैन्य कमांड आफिसर मेजर जनरल सुनील कुमार और मेजर संजय कुमार ने शामली में शांति केयर, सृष्टि और गंगा अमृत हॉस्पिटल में स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। बाद में नगर के भैंसवाल रोड स्थित गुड़ मंडी के पास राजकीय भूमि का निरीक्षण किया।
बाद में कलक्ट्रेट में डीएम ओपी वर्मा से मुलाकात की। डीएम ओपी वर्मा ने सेना के अधिकारियों को बताया पूर्व सैनिकों ने शामली में सैन्य अस्पताल और जिला सोल्जर बोर्ड कार्यालय की स्थापना के लिए भूमि मांगी। सैन्य विभाग की कार्ययोजना के लिए जिला मुख्यालय पर दो हजार वर्ग भूमि प्रस्तावित की।
उन्होंने बताया शहर के भैसवाल रोड पर गुड़ मंडी के पास एक हजार वर्ग मीटर सैन्य अस्पताल के लिए भूमि का मौका मुआयना कराया। उन्होंने बताया सैन्य अधिकारी शामली में किराये के भवन में एक सैन्य अस्पताल के लिए भवन की मांग कर रहे हैं। इस मौके पर यूपी 85 बटालियन के एनसीसी कमांडिंग आफिसर देवेंद्र कुमार और जिले के पूर्व सैनिक मौजूद रहे।