कांधला। गांव चढ़ाव स्थित प्राथमिक विद्यालय की मिड-डे मील बनाते समय सिलेंडर से गैस रिसाव होने पर आग लग गई। इससे स्कूल में अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गांव में छुट्टी पर आए आईटीबीपी के जवान ने एक ग्रामीण के सहयोग से आग पर काबू पाया। आग बुझाने के बाद बच्चों और स्कूल स्टाफ ने राहत की सांस ली।
क्षेत्र के गांव चढ़ाव स्थित प्राथमिक विद्यालय में बुधवार पूर्वाह्न करीब 10 बजे रसोईघर में भोजन तैयार कराया जा रहा था। रसोई माता कृष्णा और मुनेश खाना बना रही थीं। इसी दौरान सिलेंडर से गैस रिसाव होने के कारण आग लग गई। रसोई में रखा सामान भी जल गया। इससे विद्यालय में अफरा तफरी मच गई।
शिक्षकों ने किसी तरह से छात्र-छात्राओं को विद्यालय से बाहर निकाला। विद्यालय में आग लगने की सूचना गांव तेजी के साथ फैल गई। सूचना पर सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस भी आ गई। रसोई से उठती आग की लपटें और धुआं देखकर किसी भी ग्रामीण की आग बुझाने की हिम्मत नहीं हुई।
वहीं, किसान नकली सिंह का पुत्र आईटीबीपी का जवान सचिन कुमार छुट्टी पर घर आया हुआ था। वह भी स्कूल में पहुंचा और गांव के ही दीपक राठौर के सहयोग से फायर एस्टींग्यूसर की मदद से आग बुझाने में जुट गया। दोनों युवकों ने आग बुझाने के बाद गैस सिलेंडर रसोई से बाहर निकाला और पास के खेत में फेंक दिया। इस दौरान छात्र-छात्राओं का रो-रोकर बुरा हाल था।