शामली में कोरोना पॉजिटिव मिला व्यापारी
शामली। शामली शहर में एक व्यापारी के सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। व्यापारी का तीन दिन पहले रैंडम सैंपल लिया गया था। उधर, कोविड अस्पताल से कोरोना पॉजिटिव पांच लोगों के ठीक होने पर डिस्चार्ज किया गया है। अब जनपद में कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव केस की संख्या 30 हो गई है।
बृहस्पतिवार को मेरठ मेडिकल से जनपद के 95 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इनमें 94 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव मिली, जबकि एक व्यापारी के सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। मंडी जवाहरगंज निवासी इस व्यापारी का तीन दिन पहले रैंडम सैंपल लिया गया था। शाम को रिपोर्ट मिलने पर स्वास्थ्य टीम ने व्यापारी को कोविड अस्पताल में भर्ती कराने की तैयारी शुरू कर दी है। उधर, कोविड अस्पताल में भर्ती कोरोना पॉजिटिव पांच लोग उपचार के बाद ठीक हो गए। उनके दूसरी बार लिए गए सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आने पर उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया है। इन्हें कुछ दिन तक घर पर क्वारंटीन में रहने को कहा गया है।
डीएम जसजीत कौर ने बताया कि बृहस्पतिवार को कुछ सैंपलों की रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जिनमें शामली निवासी एक व्यापारी के सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है। व्यापारी के निवास वाले क्षेत्र में सीलिंग और सैनिटाइज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। डीएम ने बताया कि जनपद में इस समय कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव केस की संख्या 30 हो गई है।