शामली। लोनी में ओवरब्रिज का काम चलने से दिल्ली-शामली रेलवे मार्ग पर कई ट्रेनें प्रभावित रही है। करीब चार घंटे के इस मेगा ब्लाक से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।
सोमवार को लोनी में रेलवे गेट नंबर आठ पर ओवरब्रिज का कार्य शुरू करने के लिए रेलवे अफसरों ने सुबह 11.30 बजे से लेकर अपराह्न साढ़े तीन बजे तक मेगा ब्लाक निर्धारित किया था। इस कारण दिल्ली से शामली आने वाली 74025 एव शामली दिल्ली जाने वाली 74026 को रद्द करना पड़ा। सुबह 6.50 बजे सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली 51910 को सुबह 8.50 बजे शामली तक संचालन करना पड़ा।
इस पैसेंजर ट्रेन को शामली से दिल्ली के लिए रद्द करना पड़ा। दिल्ली से शामली जाने वाली 51911 सवारी गाड़ी दिल्ली से शामली के लिए रद्द रही। चार बजे के बाद पैसेंजर ट्रेन 51911 को शामली से सहारनपुर के लिए संचालन किया गया। दिल्ली से हरिद्वार के लिए पैसेंजर ट्रेन का दो घंटा देरी से संचालन करना पड़ा हैं। इससे यात्री परेशान रहे। लोगों को प्राइवेट और रोडवेज बसों से गंतव्य की ओर रवाना होना पड़ा। शामली रोडवेज बस अड्डे पर यात्रियों की भीड़ रही।
उत्तर रेलवे के यातायात निरीक्षक पवन कुमार और शामली रेलवे स्टेशन अधीक्षक संजीव शर्मा ने बताया कि मंगलवार को लोनी में रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण चलने से चार घंटे का मेगा ब्लाक रहेगा। साढे़ ग्यारह बजे से लेकर साढे तीन बजे तक ट्रेनों का आवागमन प्रभावित रहेगा।