पुलिस आरक्षी भर्ती 2018 में चयनित अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच में अंतिम दिन के सभी अभ्यर्थी फिट मिले। अंतिम दिन 57 अभ्यर्थियों की जांच हुई, जिसमें कोई अनफिट नहीं मिला।
पुलिस आरक्षी भर्ती 2018 में जिले के कुल 559 अभ्यर्थी चयनित हुए है। इन अभ्यर्थियों की पुलिस लाइन में मेडिकल जांच और चरित्र सत्यापन का कार्य शुरू किया गया था। नोडल अधिकारी सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह की देखरेख में प्रत्येक दिन 100 अभ्यर्थियों को मेडिकल जांच और चरित्र सत्यापन कार्य के लिए बुलाया गया। मंगलवार को अंतिम दिन मेडिकल जांच के लिए 59 अभ्यर्थियों को बुलाया गया। पुलिस लाइन के क्लर्क अरविंद कुमार ने बताया कि 59 अभ्यर्थियों में दो अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। उपस्थित सभी 57 अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच और चरित्र सत्यापन का कार्य किया गया। जिला स्तर पर गठित मेडिकल बोर्ड द्वारा की गई जांच में सभी अभ्यर्थी फिट मिले। उन्होंने बताया कि जांच और सत्यापन का कार्य पूरा हो गया है। उन्होंने बताया कि कुल 559 अभ्यर्थियों की जांच और सत्यापन में 14 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। अनुपस्थित अभ्यर्थियों को एक और मौका देने पर विचार किया जा रहा है, जिसकी तिथि बाद में घोषित की जाएगी। इसी तरह मेडिकल जांच में कुल अभ्यर्थियों में से 25 अभ्यर्थी अनफिट मिले है। अनफिट अभ्यर्थियों को मंडल स्तर पर गठित मेडिकल बोर्ड द्वारा जांच की जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र जमा कराए गए है।