शामली। मतदान करने में पुरुषों ने महिलाओं को पीछे छोड़ दिया। जिले की तीनों सीटों पर पुरुषों ने ही ज्यादा मतदान किया। जिले भर में कुल 909946 मतदाताओं में से कुल 6,16,612 मतदाताओं ने मतदान किया, जिसमें से 3,39,217 पुरुष और 2,77,392 महिलाओं ने मतदान किया। इस लिहाज से जिले भर का मतदान 67.75 प्रतिशत रहा।
मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग ने काफी प्रयास किया था, जिसका असर यह हुआ है कि 2012 के विधानसभा चुनाव की अपेक्षा इस बार मतदान पांच प्रतिशत मतदान अधिक हुआ। हालांकि उसमें महिलाओं के मतदान की प्रतिशत में बढ़ोत्तरी उतनी नहीं हो सकी। कैराना विधानसभा सीट पर कुल महिला मतदाताओं की संख्या 136659 है, जिनमें से 95013 महिलाओं ने मतदान किया।
थानाभावन सीट पर महिला मतदाता 139705 हैं, जिनमें 116134 ने वोट डाले। शामली सीट पर 133504 महिला मतदाताओं में से 86259 ने मतदान किया। इन आंकड़ों से जाहिर है कि मतदान को लेकर महिला मतदाताओं में जागरूकता का अभाव रहा।
थर्ड जेंडर के सिर्फ तीन वोट ही पड़े ः जिले में थर्ड जेंडर के कुल 58 मतदाता रहते हैं। इनमें कैराना क्षेत्र में पांच, थानाभवन में 46 और शामली विधानसभा क्षेत्र में 7 मतदाता हैं। विधानसभा चुनाव के लिए हुए मतदान में इनमें से सिर्फ तीन मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया।