शामली। यूपी टीईटी पेपर लीक प्रकरण में पुलिस कस्टडी रिमांड पर लाए गए तीनों आरोपियों से पूछताछ में कई संदिग्ध लोगों के नाम सामने आना बताया गया है। उनकी तलाश में एसटीएफ दबिश दे रही है।
यूपी टीईटी परीक्षा के दिन 28 नवंबर की सुबह एसटीएफ मेरठ ने शामली क्षेत्र में पेपर लीक करने के के आरोप में तीन आरोपियों रवि पंवार निवासी गांव नाला, मनीष उर्फ मोनू निवासी झाल और धर्मेंद्र निवासी बुटराड़ी को गिरफ्तार किया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद शासन ने टीईटी की परीक्षा स्थगित कर दी थी।
एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से टीईटी का मूल प्रश्नपत्र, कई फोटोकॉपी, 17 हजार रुपये और कार को बरामद होना बताया था। एसटीएफ ने बाद में एक और आरोपी गौरव निवासी अलीगढ़ को भी गिरफ्तार कर लिया था। कोर्ट से पांच दिन का कस्टडी रिमांड स्वीकृत होने पर पुलिस और एसटीएफ आरोपी रवि पंवार, मनीष और धर्मेंद्र को मंगलवार से रिमांड पर लेकर पूछताछ में जुटी है।
एसटीएफ आरोपियों से पूछताछ मिली जानकारी के आधार पर से संबंधित साक्ष्य जुटा रही है। बताया गया है कि एसटीएफ आरोपियों को मथुरा समेत कई स्थानों पर ले गई थी। शुक्रवार को एसटीएफ आरोपियों को लेकर शामली पहुंची।
बताया गया है कि आरोपियों से पूछताछ में एसटीएफ को इस प्रकरण में शामिल कई और लोगों के जुड़े होने की जानकारी मिली है, जिनकी तलाश में एसटीएफ की टीम दबिश दे रही है। एसटीएफ मेरठ के सीओ बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में कई लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।