मुकीम के पिता पर कैराना में दर्ज हैं कई मुकदमे
कैराना (शामली)। रंगदारी, लूट और हत्या कर आतंक फैलाने वाले गांव जहानपुरा निवासी कुख्यात मुकीम काला के पिता मुस्तकीम जनपद और सहारनपुर जिले में डकैती, जान लेवा हमले, ड्रग्स और अपहरण के करीब 13 मुकदमे दर्ज हैं।
कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने बताया कि वर्ष 2014 में मुकीम काला के पिता मुस्तकीम निवासी जहानपुरा दो बार डोडा तस्करी में पकड़ा गया था। एक मुकदमा हत्या के लिए अपहरण करने के आरोप में कैराना थाने में दर्ज हुआ था। 2015 में सहारनपुर के सदर बाजार में तनिष्क ज्वैलरी शोरूम में डकैती की साजिश रचने का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसी साल कैराना कोतवाली में जान लेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा एक अन्य मुकदमे में अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित करने का मुकदमा दर्ज है। 2016 में अदालत द्वारा फिर भगोड़ा घोषित किया जाने पर कैराना कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ था। 2017 में कैराना थाने में जान लेवा हमले के मुकदमे में तमंचे समेत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जनवरी 2019 में कैराना थानाक्षेत्र में तीन किलो डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया गया था। कोतवाल ने बताया कि सहारनपुर जिले के थाना तीतरो में तीन मुकदमे बिजली चोरी के दर्ज है।