कैराना की मामौर झील टूटने से फसलों में भरा झील का पानी-संवाद
कैराना। पिछले कई दिनों से हो रही बारिश में मंगलवार सुबह मामौर झील ओवरफ्लो होकर टूट गई। झील का पानी आसपास के खेतों में भरने से किसानों की फसल जलमग्न हो गईं।
मंगलवार सुबह करीब आठ बजे बारिश के चलते मामौर झील ओवरफ्लो होकर टूट गई। झील का पानी अलीनिवाज की नौ बीघा लौकी की फसल, इकबाल की सात बीघा धान, इलियास की पांच बीघा धान, इरशाद अली की पांच बीघा सब्जी और रईसुद्दीन की चार बीघा मिर्च की फसल में भर गया। किसानों का कहना है कि पानी भरने से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन कराने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। जिलाधिकारी आलोक यादव ने मामले की जानकारी से इनकार किया। कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी।