चार्ज लेते नवनियुक्त जिलाधिकारी सुजीत कुमार।
- फोटो : अमर उजाला
शामली। नवागत डीएम सुजीत कुमार ने बुधवार दोपहर कलक्ट्रेट पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना और सरकारी योजनाओं का सही क्रियान्वयन कराना है।
पहली बार डीएम का पदभार ग्रहण करने वाले सुजीत कुमार दोपहर करीब डेढ़ बजे कलक्ट्रेट पहुंचे। वहां सलामी गारद लेने के बाद कोषागार में पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद कार्यालय में अपर जिलाधिकारी भरत पांडे, सीडीओ वीके सिंह सहित सभी एसडीएम और अन्य अधिकारियों से परिचयात्मक मुलाकात की।
प्रशासनिक अधिकारियों ने उनको फूलों के गुलदस्ते भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान पत्रकारों से वार्ता में डीएम सुजीत कुमार ने कहा कि शामली जिला संवेदनशील है। उनकी प्राथमिकता जिले में सांप्रदायिक सद्भाव कायम कराने और कानून व्यवस्था बनाए रखना होगी। साथ ही प्रदेश सरकार की सभी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने के लिए योजनाओं का सही क्रियान्वयन कराया जाएगा।
योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही या गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। राजस्व वसूली में बढ़ोतरी के साथ ही जनसमस्याओं का समय पर निस्तारण कराया जाएगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जिले में यदि कहीं पर भी अवैध रूप से रेत खनन किया जाता है, तो कड़ी कार्रवाई होगी। कार्रवाई के नाम पर किसी तरह का समझौता नहीं होगा।