शामली में वीवी डिग्री कॉलेज में सम्मानित छात्राएं।
- फोटो : SHAMLI
शामली। जनहित फाउंडेशन एवं चाइल्ड लाइन मेरठ व सहारनपुर मंडल की निदेशक अनीता राणा ने कहा कि छात्र-छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाकर अपनी पहचान बनानी चाहिए।
बृहस्पतिवार को वीवी पीजी कालेज शामली में आयोजित वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि समाजसेविका अनीता राणा ने छात्र-छात्राओं से कहा कि शिक्षा के माध्यम से वे नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं। इसलिए शिक्षा के क्षेत्र में हमेशा अग्रणी भूमिका अदा करें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में छात्राओं की प्रतिभाओं को देखकर लगता है कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा सफल हो रहा है। उन्होंने ‘मेरी ऊंचाईयों से हैरान है लोग पर मेरे पांव के छाले किसी ने ना देखे’ काव्य पंक्ति सुनाकर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
विशिष्ट अतिथि उच्चतर शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज के पूर्व सदस्य डॉ. ब्रजपाल सिंह ने कहा कि छात्र-छात्राओं को शिक्षा के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पर्यावरण प्रदूषण से संबंधित लघु नाटिका के माध्यम से पॉलिथीन बैन दिखाया गया। कालेज की प्रबंध समिति के अध्यक्ष नवनीत जैन, सचिव दीपक जैन, बैंक की शाखा प्रबंधक बाबूराम ने विचार रखते हुए छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। कालेज की डीन डॉ. नीना छोकरा ने छात्र-छात्राओं की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. सुधीर कुमार ने कहा कि छात्र-छात्राओं को प्रत्येक क्षेत्र में उन्नति करनी चाहिए। कार्यक्रम में डॉ. मंजू मगन, डॉ. प्रताप कुमार, पूजा, गिरीश नारायण यादव, डॉ. बबली, डॉ. छवि, नारायण सिंह, डॉ. अरविंद, डॉ. अनुप्रिता, नवनीत गर्ग, भीष्म सिंह, रिचा भारद्वाज, प्रतिमा आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मृदुला जैन व निर्भय सिंह ने किया।