घरों में दीपक जलाकर मनाई महावीर जयंती
शामली/गढ़ीपुख्ता/कैराना भगवान महावीर स्वामी के जयंती पर जैन समाज के सीमित श्रद्धालु जैन मंदिरों में पहुंचे पाए। ज्यादातर घरों में कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए महावीर भगवान की जन्मोत्सव मनाया गया। रविवार सुबह सात बजे से दस बजे घरों में भगवान महावीर की पूजा अर्चना की। शाम के समय घरों मेेेें मकानों की छतों पर पहुंचकर ध्वनियों का जयघोष किया गया ।दीपक जलाकर खुशियां मनाई गई।
गढ़ीपुख्ता में दिगंबर जैन मंदिर अतिशय क्षेत्र गढ़ीपुख्ता में जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धालुओं ने विधि विधान से प्रक्षाल पूजन किया। भगवान महावीर की प्रतिमा की वृहद शांति धारा की गई।
इस अवसर पर भगवान महावीर के चालीसा का पाठ किया गया। श्रद्धालुओं ने अपने घरों में जैन ध्वज लगाए और पशु पक्षियों के लिए अपनी छतों पर दाना पानी रखा। घरों में भगवान महावीर स्वामी पर आधारित भजन कीर्तन किए। मंदिर में सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए श्रद्धालुओं द्वारा भगवान महावीर स्वामी से वैश्विक महामारी कोरोना को खत्म करने की प्रार्थना की गई। इस अवसर पर नीरज जैन, आरके जैन, सुदेश जैन, दीपक जैन ,विपुल जैन ,मिट्ठन जैन, ऋषभ जैन, ममता जैन, रेखा जैन, शिखा जैन ,रितु जैन, स्मिता जैन ,सरला जैन आदि मौजूद रहे।
भक्तों ने विश्व शांति के लिए की प्रार्थना
कैराना। नगर में भगवान श्री 1008 महावीर स्वामी की जयंती कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए धूमधाम से मनाई गई।
रविवार को कस्बे के तीनों मंदिरों में भगवान महावीर की विशेष पूजा अर्चना की गई। कार्यक्रम में कोरोना की बढ़ती महामारी के दौर में प्रभु के चरणों में विश्व शांति हेतु प्रार्थना की गई। कार्यक्रम में सोशल डिस्टेंसिंग का एवं शासन की गाइड लाइन का पालन किया गया। मात्र पांच व्यक्तियों के द्वारा मंदिरों में भगवान की पांडुक शिला पर जलाभिषेक किया गया। नगर के जैन समाज ने अपने अपने घरों में भगवान महावीर स्वामी का जन्मोत्सव मनाया। घी के दिए जलाए गए और मंगल भजन गाए। सुबह अपनी-अपनी छतों पर सभी जैन समाज के श्रद्धालुओं द्वारा भजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भगवान से प्रार्थना की गई कि भगवान कोरोना महामारी के युग में अपनी कृपा कर इस समस्त धरा पर जन-जन को बचाने का कष्ट करें। संवाद