संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। कांधला निवासी असलम को माैत के घाट उतारने की योजना दो बार पहले भी बनाई गई थी, लेकिन वह बच गया। इस बार छह दिन पहले योजना बनाई और आरोपियों ने हत्या को अंजाम दिया। आरोपी इंतजार और असलम के बीच दोस्ती थी और घर पर आना-जाना था। प्रेम प्रसंग का पता चलने से पत्नी को रोका तो उसने पति को रास्ते से हटाने के लिए प्रेमी पर दबाव बनाया। पुलिस ने पत्नी समेत तीनों आरोपियों का चालान कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
कांधला निवासी असलम (32) की कैराना क्षेत्र स्थित बाग में ले जाकर गला रेतकर हत्या की गई थी। शव रविवार सुबह मिला था। पुलिस ने रात में हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी आसमीन, भाई हारुन और प्रेमी इंतजार को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस का दावा है कि पत्नी से प्रेम संबंध का विरोध करने पर असलम की हत्या की गई।
एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि असलम और इंतजार के बीच गहरी दोस्ती थी। छह साल से इंतजार का असलम के घर आना जाना था। इसी बीच पत्नी से प्रेम संबंध बन गए। कुछ समय पहले असलम को इसकी जानकारी हुई तो उसने पत्नी को रोका। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। प्रेम संबंध में बाधक बनने पर आसमीन ने अपने प्रेमी इंतजार पर पति को रास्ते से हटाने का दबाव बनाया।
उधर, इंतजार और असलम के साले हारुन के बीच दोस्ती थी। हारुण ज्यादातर कांधला में इंतजार के साथ रहता था। इंतजार को पता था कि हारुन अपनी बहन आसमीन के प्रेम विवाह करने के चलते असलम से क्षुब्ध है। इसके चलते इंतजार ने हारुन को अपने साथ मिलाया और छह दिन पहले हत्या की योजना बनाई। इससे पूर्व भी दो बार आरोपियों ने असलम की हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस की पूछताछ में आसमीन ने बताया कि इंतजार की पत्नी की डेढ़ साल पहले मृत्यु हो गई थी। असलम की हत्या के बाद इद्दत पूरी होने पर वह प्रेमी इंतजार के साथ निकाह करने की तैयारी में थी।