शादियों के सीजन में रसोई गैस का संकट
थानाभवन। शादियों के सीजन में लोगों के सामने रसोई गैस का संकट पैदा हो गया है। हालत यह कि पिछले दो दिन से लोगों को गैस एजेंसी से मायूस ही वापस लौटना पड़ रहा है। सोमवार को भी छुट्टी के कारण लोगों को रसोई गैस उपलब्ध नहीं हो पाएगी।
जलालाबाद स्थित गैस एजेंसी से जहां कस्बे सहित आसपास के गांव में रसोई गैस की आपूर्ति होती है। वहीं एजेंसी का गोदाम कादरगढ़ गांव में स्थित है। जहां से गोदाम पास के गांव कादरगढ़, हसनपुर लुहारी, टांडा, बाढ़ आदि गांव के लोगों को एजेंसी की ओर से गोदाम से ही रसोई गैस की सप्लाई की जाती है। गांव से जुड़े करीब एक हजार उपभोक्ता गोदाम पर ही निर्भर हैं। लेकिन शादियों के सीजन के कारण गैस की डिमांड बढ़ रही है। जिस कारण एजेंसी सिर्फ कस्बे से ही गैस की आपूर्ति कर रही है और गोदाम से गैस बांटना पिछले दो दिन से बंद कर दिया है। अब हर दिन गैस लेने के लिए गोदाम पर पहुंचते हैं। लेकिन उन्हें गोदाम से खाली हाथ वापस लौटा दिया जा रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले दो दिन से उन्हें गैस नहीं मिली है और सोमवार को एजेंसी बंद रहने के कारण उन्हें गैस नहीं मिलेगी। इसलिए उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
एजेंसी संचालिका रेणु ने बताया उनकी एजेंसी पर करनाल प्लांट से सप्लाई आती है। पिछले कुछ दिनों से सप्लाई बहुत कम हो गई है। इस संबंध में उन्होंने आपूर्ति विभाग को भी शिकायत की थी। इसके बाद सोमवार को वह अपनी शिकायत करनाल प्लांट पर भी दर्ज कराएंगे ताकि गैस संबंधी समस्याओं का समाधान हो सके।