टपराना में घरों पर लटके ताले, गलियां में सन्नाटा
झिंझाना(शामली)। क्षेत्र के गांव टपराना में पुलिस पर हुए हमले की घटना के दूसरे दिन गलियां सूनी पड़ी रही। घटना वाले इलाके में अधिकतर मकानों दरवाजों पर ताले लटके रहे। बाजार में भी दुकानें बंद रही। गांव में कोई आवाजाही नहीं थी। लोग घटना के बारे में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हुए।
गांव टपराना की आबादी करीब 12 हजार है। गांव में लोगों की आवाजाही के चलते रोज चहल-पहल रहती थी। बस स्टैंड से लेकर अंदर मुख्य सड़क के दोनों तरफ बाजार में दुकानें खुलती थी, वे सब बंद पड़ी थी। लॉकडाउन में रोस्टर के अनुसार सुबह सात से 12 बजे तक भी दुकानें नहीं खुलीं। बृहस्पतिवार को गांव का हाल सामान्य दिनों से अलग नजर आया। गांव की मुख्य सड़क से लेकर गलियां सूनी पड़ी थी। गांव में कोई व्यक्ति आता-जाता दिखाई नहीं दिया। लोग घरों के अंदर थे। जिस इलाके में पुलिस पर हमले की घटना हुई, उस बस्ती में अधिकतर घरों के दरवाजे पर ताले लटके थे। गांव में लोगों से जानकारी की तो कोई बोलने को तैयार नहीं हुआ। अपना नाम बताने से भी मना कर दिया। जब यह पूछा कि घरों पर ताले क्यों लटके हैं तो कोई कुछ बताने को तैयार नहीं हुआ। बस इतना कहा कि पता नहीं कहां गए हैं। कुल मिलाकर गांव में सन्नाटा पसरा हुआ था। ग्राम प्रधान के पति नासिर ने बताया कि बृहस्पतिवार को गांव में दुकानें नहीं खुली। बुधवार को भी दुकानें बंद रही थी।
यह हुई थी घटना
मंगलवार रात को जिला बदर गोकशी के आरोपी को हिरासत में लेने पर उसके परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला कर दिया था। हमले में पुलिस की दो गाड़ियां के शीशे टूट गए थे और दो दरोगा सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हुए थे। पुलिस ने 44 लोग नामजद और 90 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी अफजल समेत 26 लोगों को गिरफ्तार किया था।
आरोपियों के संभावित ठिकानों पर चला दबिशों का दौर
टपराना गांव में पुलिस पर हमले की घटना में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। उनके साथ एक प्लाटून पीएसी भी दी गई है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों ने रात में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन कोई आरोपी पकड़ में नहीं आया। थाना प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है। गांव से आरोपी फरार है।
झिंझाना क्षेत्र के गांव टपराना में सुनसान पडी गलिया- फोटो : SHAMLI