शामली। शहर में सड़क के बीच डिवाइडरों पर लगी स्ट्रीट लाइटों की लिप झिप बड़ा हादसा करा सकती है। रात के समय स्ट्रीट लाइटें इंडीकेेटर की तरह बार-बार लिप झिप करती रहती हैं। जिससे वाहन चालकों के सामने एकाएक अंधेरा आ जाता है और हादसा होने की संभावना बन जाती है।
नगर पालिका ने एक माह पहले शहर के मुख्य मार्ग पर डिवाइडरों के बीच प्रकाश के लिए स्ट्रीट लाइट लगवाई थी। कुछ जगह की लाइट तो रात के समय एक दम सही जलती है, लेकिन आर्य समाज मंदिर से लेकर धीमानपुरा फाटक के बीच लगी लगभग छह स्ट्रीट लाइट लगने के कुछ दिनों बाद से ही रात में इंडीकेटर की तरह लिप झिप करती रहती हैं।
जिससे रात में सड़क से गुजर रहे बडे़ और छोटे वाहनों के चालकों के सामने अचानक से तेज और कम लाइट पड़ने पर कुछ दिखाई नहीं देता। उधर, टंकी रोड की ओर से आने और सामने से आने वाहनों की टक्कर होने की संभावना रहती है।
लोगों ने बताया कि हर रोज लाइटों के कारण वाहन टकराने की घटना होती रहती है। पिछले 15 दिनों से लाइटों का यही हाल है। उधर, चेयरमैन अरविंद संगल का कहना है कि मंगलवार तक स्ट्रीट लाइटों को ठीक करा दिया जाएगा।