लाइनमैन की खंभे से गिरकर पर मौत
शामली, कांधला। गांव इस्लामपुर घसौली में फाल्ट ठीक करने के लिए चढ़े लाइनमैन की खंभे से गिरकर मौत हो गई। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना पर विद्युत निगम के अधिकारी व पुलिस भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लाइनमैन के परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
गांव डुढार निवासी 21 वर्षीय राहुल इस्लामपुर घसौली बिजलीघर पर लाइनमैन के रूप में कार्यरत था। बुधवार को बिजलीघर पर शिकायत आने पर राहुल गांव में फाल्ट दुरुस्त करने के लिए गया था। शटडाउन लेकर वह खंभे पर चढ़ा तभी पैर फिसलने से वह नीचे गिर गया। सिर के बल गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां लाइनमैन को मृत घोषित कर दिया गया।
सूचना मिलते ही स्वास्थ्य केंद्र पर लोग जमा हो गए। ग्रामीणों ने पीड़ित परिजनों को आर्थिक मदद दिए जाने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। विद्युत निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में इस्लामपुर घसौली के जेई राहुल कुमार का कहना है कि राहुल की खंभे से पैर फिसल कर जमीन पर गिरने से मौत हो गई है। मृतक लाइनमैन के परिजनों को हरसंभव मदद की जाएगी। संवाद