ऊन। एक ओर सरकार गांव-गांव बिजली पहुंचाने और डिजिटल इंडिया के दावे कर रही है, वहीं ऊन ब्लॉक के गांव खोड़समा स्थित मलकीत डेरे के लोगों की जिंदगी आज भी अंधेरे में गुजर रही है। यहां रहने वाले करीब 15 परिवारों के 60 से अधिक लोग पिछले 28 वर्षों से बिजली की सुविधा का इंतजार कर रहे हैं।
जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित इस डेरे में आज तक बिजली की लाइन नहीं पहुंच सकी। हालत यह है कि मोबाइल चार्ज करने से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक के लिए ग्रामीणों को डेढ़ किलोमीटर दूर खोड़समा गांव जाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली न होने के कारण उनका जीवन आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है।
ग्रामीण सरदार गुरदीप सिंह बताते हैं कि बचपन से बिजली के बल्ब की रोशनी देखने का सपना देखा था, लेकिन अब बचपन जवानी में बदल गया और हालात जस के तस बने हुए हैं। डेरे से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर खोड़समा गांव में बिजलीघर मौजूद है। कई बार बिजली विभाग की टीमों ने सर्वे किया, अधिकारियों ने आश्वासन दिए, लेकिन डेरे की तकदीर नहीं बदली।
ग्रामीणों के अनुसार बच्चों की पढ़ाई केवल दिन में ही हो पाती है। रात होते ही पूरा डेरा अंधेरे में डूब जाता है। हरियाणा के कुरुक्षेत्र से आकर यहां पर वे बसे थे। अधिकतर ग्रामीण खेतीबाड़ी कर ही परिवार का पालन पोषण करते हैं। डेरे तक जाने के लिए केवल ईंट खड़ंजे की सड़क है और सरकारी सुविधाओं के नाम पर यहां कुछ भी नहीं है।
हम आज भी आजादी से पहले जैसी जिंदगी जी रहे हैं
ग्रामीण मुलतान सिंह, हरवंश सिंह, सज्जन सिंह, गुलजार सिंह और योगेंद्र सिंह का कहना है कि 50 से अधिक बार ऊर्जा निगम, एसडीएम और अन्य अधिकारियों से बिजली लाइन बिछवाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। चुनाव के समय जनप्रतिनिधि वोट मांगने जरूर आते हैं, लेकिन बाद में कोई उनकी सुध लेने नहीं पहुंचता। सभी परिवार खेती कर अपना पालन-पोषण कर रहे हैं, लेकिन बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से अब तक वंचित हैं।
बोले अधिकारी
ऊर्जा निगम के एसडीओ साहब सिंह ने बताया कि करीब चार माह पहले डेरे को टाउन लाइन से जोड़कर बिजली आपूर्ति देने के लिए सर्वे और डीपीआर तैयार की जा चुकी है। बजट और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा। फिर से सर्वे भी चल रहा है। प्रयास रहेगा कि जल्द ही डेरे में बिजली आपूर्ति सुचारु कराई जाए।
बोले जनप्रतिनिधि
थानाभवन विधायक अशरफ अली ने कहा कि मलकीत डेरे पर बिजली और पानी की समस्या की जानकारी उन्हें नहीं थी। जल्द ही ऊर्जा निगम और प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर ग्रामीणों को सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
बिजली से वंचित मलकीत डेरे के ग्रामीण। संवाद- फोटो : वारदात के समय जेब में कारतूस भरकर लाया था आरोपी अभिषेक
बिजली से वंचित मलकीत डेरे के ग्रामीण। संवाद- फोटो : वारदात के समय जेब में कारतूस भरकर लाया था आरोपी अभिषेक