शामली। खाट सभा में जब तक राहुल गांधी मंच पर पहुंचे नहीं थे। तभी मंच तक पहुंचने के लिए काफी लोगों की भीड़ बेरीकेडिंग के पास जमा हो गई। वहां से पुलिसकर्मी उन्हें रोकने लगे, जिस पर लोगों ने हंगामा कर दिया और नारेबाजी कर वहां से लौटने लगे। तब विधायक पंकज मलिक ने माइक से अपील करते हुए कहा कि माफी चाहता हूं, व्यवस्था बनाने में सहयोग करें।
सभा चल रही है, अलग से बात करूंगा
खाट सभा के दौरान जब पूर्व निर्धारित किसान अपनी बात कह रहे थे, तभी एक युवक ने भीड़ के बीच से उठकर कुछ कहना शुरू कर दिया। राहुल ने युवक से कहा कि सभा खत्म होने दो, बेरीकेडिंग के पास आओ, तुमसे अलग से बात कर लूंगा।
बिन पानी मछली तो मोदीजी की दुनिया में संभव ः गांव मीमला के योगेश कश्यप ने जब कहा कि मैं गन्ना खेती करने अलावा मछली पालन भी करता हूं। तो राहुल गांधी सहसा ही बोल उठे कौन सी मछली पालते हो। योगेश ने कई रोहू, मूंगरा और कई मछलियों की प्रजाति गिनाईं, तो राहुल बोले कि मूंगरा तो बंगाल में ज्यादा होती है। योगेश ने कहा कि मछली पालन को पानी की बड़ी समस्या है। इस पर राहुल ने तंज कसते हुए कहा कि बिन पानी मछली कैसे पालते हो, ऐसा मोदीजी की दुनिया में ही हो सकता है।
चेक कर लो खाता, 15 लाख आए क्या
एक किसान ने बैंक क्रेडिट कार्ड और फसल बीमा के बारे में कहा, तो राहुल गांधी बोल उठे कि अपना खाता चेक कर लो। ऊपर नीचे, आगे पीछे ठीक से देख लो, कहीं 15 लाख खाते में चिपके हुए तो नहीं हैं।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने दिया स्मृति चिह्न ः राहुल गांधी को कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, नगर अध्यक्ष वैभव गर्ग, दीपक सैनी, व्यापारी नेता अंकित गोयल और अन्य पदाधिकारियों ने स्मृति चिह्न के रूप में पीतल का रथ भेंट किया।
जनता ही कर सकती है इलाज
एक किसान ने जब राहुल गांधी से कहा कि प्रदेश में गुंडाराज है, अफसर मनमानी करते हैं, इनका इलाज करा दो। इस पर राहुल ने कहा कि इलाज करना तो आपके हाथ में है।