कैराना/ऊन। रामपुर में अधिवक्ता की हत्या के विरोध में बार एसोसिएशन कैराना के अधिवक्ताओं में उबाल आ गया। अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए महामहिम राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा ।
बृहस्पतिवार को बार एसोसिएशन कैराना के अध्यक्ष ईशपाल सिंह व महासचिव सरवेज जंग के नेतृत्व में अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए तहसील मुख्यलय पर पहुंचे। जहां उन्होंने राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को ज्ञापन पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के साथ इस प्रकार की घटनाएं बढ़ती जा रही है। उन्होंने हत्यारोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने और अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की है। कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार शर्मा, अवनीश गोयल, आलोक चौहान, ब्रहमपाल सिंह, नीरज चौहान मौजूद रहे।
उधर ऊन तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम संदीप त्रिपाठी को सौंपा।
अधिवक्ताओं ने ज्ञापन में घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, उत्तर प्रदेश में अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू किए जाने की भी मांग उठाई गई है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यवीर सिंह, महासचिव सोनू कल्याण, जसवीर सोदाई, शादाब खान, नवीन सरोहा, मानिका गर्ग, कपिल स्वामी, अजेंद्र सिंह, यशवीर, सुरेंद्र सिंह, अनुज वशिष्ठ, दक्ष शेरवाल, मोनिका आदि रहे।