- मौके पर मची भगदड़, पुलिस ने छह को हिरासत में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
चौसाना। गंगोह चौराहे पर पानी की टंकी के पास तीन बीघा भूमि पर कब्जे के विवाद को लेकर हो रही पंचायत में दो पक्षों के में जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट की घटना से चौराहे पर भगदड़ मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छह लोगों को हिरासत में ले लिया।
चौसाना चौकी के थानाभवन मार्ग पर स्थित पानी की टंकी के पास रेखा व कौशल जिला पानीपत हरियाणा निवासी एक पक्ष ने तीन बीघा भूमि जाकिर निवासी कैली थाना दौराला जिला मेरठ व चौसाना निवासी एक व्यक्ति को बेची थी। जिसकी एवज में 87 लाख रुपये का लेनदेन भी हो चुका था। लेकिन आरोप है कि रेखा व कौशल पक्ष के लोगों ने बेची गई तीन बीघा भूमि पर कब्जा नहीं दिया। जिसके बाद विवाद गहरा गया। विवाद निपटाने के लिए बुधवार को दोनों पक्ष एकत्र हुए थे। जहां कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों के साथ सड़क पर आ गए और मारपीट शुरू कर दी। जिसको देखने को भीड़ जमा हो गई। मारपीट के दौरान पत्थरबाजी भी हुई। जिससे भीड़ में भगदड़ मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बवाल करने वाले युवकों को हिरासत में लेकर चौकी लाया गया। इसी दौरान पुलिस चौकी पर भी दोनों पक्षों में जमकर गाली-गलौज हुई। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों का चालान कर दिया।