कांधला। खंड विकास क्षेत्र के गांव फतेहपुर में प्रधानमंत्री आवास के नाम पर लाखों की ठगी करने के मामले में ग्रामीणों ने तीन व्यक्तियों के खिलाफ नामजद तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोमवार को गांव फतेहपुर निवासी दर्जनों महिला सहित ग्रामीण थाने पर पहुंचे। इन लोगों ने पुलिस से आरोप लगाया कि गांव जंधेड़ी कस्बा थानाभवन निवासी नीटू और शिवकुमार सहित तीन लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना में प्रत्येक पात्र को तीन-तीन लाख रुपये की मदद दिए जाने को प्रलोभन देकर ग्रामीण महिला सुमन, नसीम, ऋषिपाल, जीमल, सुनीता, मनिता, विमला सहित कई ग्रामीणों से बीस-बीस हजार रुपये की रकम ले गए थे। तीन माह बाद भी उनको योजना का लाभ नहीं मिल सका। पीड़ितों ने दोनों आरोपियों से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया तो दोनों के नबंर बंद मिले। मामले में पीड़ित ग्रामीणों ने थाने पर हंगामा करते हुए दोनों आरोपी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद सभी ग्रामीण अपने गांव वापस लौट आए है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।