कांधला क्षेत्र के गांव डुंडूखेड़ा गांव प्रधान कृष्णा देवी ।
कांधला। गांव डून्डूखेड़ा की ग्राम प्रधान कृष्णा चौहान को पंचायती राज विभाग ने नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित राष्ट्रीय परेड में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है। ग्राम प्रधान के साथ उनके पति राजपाल सिंह को भी आमंत्रण मिलने से पूरे गांव में खुशी और गर्व का माहौल है।
गांव डून्डूखेड़ा निवासी कृष्णा चौहान लगातार तीन बार ग्राम प्रधान चुनी गई हैं। वर्तमान में गांव में कोई भी सड़क कच्ची नहीं है। बिजलीघर, बैंक, स्वास्थ्य केंद्र, मिनी सब्जी मंडी, छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा की व्यवस्था, बस स्टैंड पर आधुनिक यात्री प्रतीक्षालय, पशु चिकित्सालय, प्रत्येक चौराहे पर वाटर कूलर व पेयजल व्यवस्था, पूरे गांव में सीसीटीवी कैमरे तथा अमृत सरोवर तालाब जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। कृष्णा चौहान को अब तक तीन बार मुख्यमंत्री प्रोत्साहन पुरस्कार तथा दो बार राष्ट्रीय पंडित दीनदयाल पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। ग्रामीण बलबीर सिंह, मनोज का कहना है कि यह सम्मान केवल प्रधान परिवार का नहीं, बल्कि पूरे डून्डूखेड़ा गांव का सम्मान है।