- हरियाणा के रेट पर बिजली मांगी, अग्निवीरों को परमानेंट करने की मांग
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को किसानों की बकाया गन्ना भुगतान समेत अन्य समस्याओं को लेकर कलक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित चार सूत्रीय मांग पत्र एसडीएम सदर बृजेश कुमार सिंह को सौंपा।
किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सवित मलिक के नेतृत्व में कई किसान कलक्ट्रेट पहुंचे और धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान एसडीएम को दिए ज्ञापन में कहा कि किसानों के गन्ना भुगतान का कोर्ट के आदेशानुसार जल्द से जल्द भुगतान कराया जाए। या फिर गन्ना खरीदने के बाद उसका मूल्यांकन होने पर गन्ना भुगतान सीधे बैंक में पहुंचने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा बिजली बिलों में की गई वृद्धि से किसानों में रोष व्याप्त है। हरियाणा राज्य के बिजली नीति के अनुसार किसानों से बिजली बिल वसूला जाए। नलकूपों पर मीटर का लगाने का कार्य बंद किया जाए। सरकार किसानों को बिजली मुफ्त दे। उन्होंने निराश्रित पशुओं के समयबद्ध तरीके से प्रबंधन कर किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान रोकने की मांग भी उठाई। उन्होंने अग्निवीरों को परमानेंट आधार पर भर्ती किया जाए। कोविड काल के दौरान जिन अभ्यर्थियों की उम्र निकल चुकी है, उनको उम्र में छूट दी जाए। इस मौके पर विनय पंवार, नरेंद्र, राजकुमार तोमर, राजपाल सिंह, अंकुर मलिक, जुबेर खान अमित निर्वाल, फैय्याज आदि मौजूद रहे।
बकाया गन्ना भुगतान को लेकर डीसीओ का घेराव
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। भारत किसान संगठन के पदाधिकारियों ने बकाया गन्ना भुगतान को लेकर डीसीओ विजय बहादुर सिंह का उनके कार्यालय में घेराव कर हंगामा किया।
भारत किसान संगठन के पदाधिकारी बृहस्पतिवार को जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने शुगर मिल के अधिकारियों पर कुछ किसानों से सांठगांठ कर चोरी छिपे भुगतान किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। किसान नेता विनोद निर्वाल सहित संगठन के पदाधिकारियों ने डीसीओ का कार्यालय में ही घेराव कर शुगर मिलों से बकाया गन्ना भुगतान कराने की मांग की। कहा कि शामली, थानाभवन एवं ऊन शुगर मिलों पर करीब 750 करोड़ से ज्यादा का बकाया है। आरोप लगाया कि मिल अधिकारी चीनी बेचकर रुपये अपने निजी खर्च में चला रहे हैं। जबकि गंभीर बीमारियों के लिए भी किसानों को पैसा नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने डीसीओ से किसानों का बकाया भुगतान जल्द कराने की मांग की। इस मौके पर अजयवीर त्यागी, मारूफ राव, इरफान, सुभाष चंद शर्मा, महताब राणा, अजित सिंह, जितेंद्र कालखंडे आदि मौजूद रहे।