शामली। नए पेराई सत्र शुरू करने के लिए मिलों ने तैयारियां कर ली हैं। खतौली चीनी मिल ने 26 अक्तूबर और 27 अक्तूबर के लिए गन्ना इंडेंट शामली सहकारी गन्ना समिति को जारी कर दिया है। जिले की बजाज समूह की थानाभवन और भैंसाना चीनी मिल भी 27 अक्तूबर को गन्ना इंडेंट जारी करेगी।
शामली गन्ना समिति के तहत शामली, थानाभवन, ऊन, खतौली, भैंसाना, तितावी आदि चीनी मिलों को यहां के किसान गन्ना आपूर्ति करते हैं। शामली गन्ना सहकारी समिति के विशेष सचिव मुकेश राठी ने बताया कि वर्ष 2020-21 के लिए खतौली चीनी मिल ने 26 अक्तूबर का 1800 क्विंटल, 27 अक्तूबर के लिए 2300 क्विंटल गन्ने का शामली सहकारी गन्ना समिति को इंडेंट भेजा गया है। बजाज समूह की थानाभवन चीनी मिल और भैसाना मिल भी गन्ना इंडेंट 27 अक्तूबर को जारी करेगी। नया गन्ना पेराई सत्र चालू करने के लिए शामली सहकारी गन्ना समिति ने 69 हजार किसानों के पक्के कैलेंडर प्रकाशित करने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। दशहरे बाद वितरण का कार्य शुरू होगा।
- शामली चीनी मिल के सात केंद्र कम होंगे
शामली। नए पेराई सत्र में शामली चीनी मिल के सात गन्ना खरीद केंद्र कम होंगे।
पेेराई सत्र 2019-20 में अपर दोआब चीनी मिल पर गन्ने की बहुलता होने से शामली चीनी मिल ने 13 अगस्त 2020 के अपने पत्र में गोगवान, भूरा द्वितीय, झाड़खेड़ी प्रथम, अलीपुरा जहानपुरा, किशोर पुर प्रथम, किशोरपुर द्वितीय पेलखा आदि सात खरीद केंद्रों को हटाकर ऊन चीनी मिलों को दिए जाने का निर्णय लिया है। सभी गन्ना खरीद केंद्र पिछले साल गन्ना सुरक्षण आदेश के तहत शामली चीनी मिल को सुरक्षित किए गए थे।
समिति के विशेष सचिव मुकेश राठी ने बताया कि शामली मिल के खरीद केंद्र कम करने और ऊन मिल को दिए जाने का प्रस्ताव लखनऊ गन्ना आयुक्त कार्यालय में लेकर जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर सिंह गए है। जल्द ही गन्ना सुरक्षण आदेश बैठक में निर्णय लिया जाएगा।